इस साल सूरज से 1190 मैगावाट बिजली बनाएगा हरियाणा
220 स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाए जा रहे हैं सौर ऊर्जा प्लांट
मीडिया जंक्शन समाचार
पंचकूला। हरियाणा सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 1190 मैगावाट सौर उर्जा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिये इस वर्ष 220 स्वास्थ्य केन्द्रों में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किये जायेगें। हरियाणा के नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री डा. बनवारी लाल ने बताया कि कोयले और पैट्रोल से बिजली उत्पादन न केवल मंहगा है बल्कि इससे वातावरण में प्रदूषण भी अधिक फैलता है। सौर उर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 से लेकर 2018 तक केवल 440 मैगावाट सौर उर्जा का ही उत्पादन हुआ और अब सरकार ने मात्र एक वर्ष में 1190 मैगावाट सौर ऊर्जा बिजली के उत्पादन का संकल्प लिया है। पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने सौर ऊर्जा जैसे ज्वलंत मुददे पर कहा कि सौर ऊर्जा हमें सूर्य से निशुल्क में मिलती है और इसे हम स्वयं पैदा कर सकते हैं, इसलिए सरकार इस ऊर्जा को बढावा दे रही है ताकि लोग इस ऊर्जा को ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को उद्योग का भी दर्जा दिया गया है और 500 वर्ग गज के मकानों के लिए सौर ऊर्जा प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि एलईडी लाईटों से 80 प्रतिशत तक ऊर्जा की बचत होती है और हमें ऊर्जा के उत्पादन व बचत पर बल देना चाहिए। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.सी. गुप्ता ने बताया कि सौर उर्जा को बढावा देने के साथ साथ उर्जा संरक्षण पर भी बल दिया जा रहा है।


0 Comments