हांसी : 20, 21, 27 व 28 जुलाई को अपने-अपने बूथों पर बनवा लें नया वोट


हांसी : 20, 21, 27 व 28 जुलाई को अपने-अपने बूथों पर बनवा लें नया वोट 


मीडिया जंक्शन न्यूज
हांसी। यदि आपने भी अभी तक वोट नहीं बनवाया है तो आपके लिए यह खबर बहुत ही जरूरी है। आप 20, 21, 27 व 28 जुलाई को अपने-अपने बूथों पर ही वोट बनवा सकते हैं।  एसडीएम वीरेंद्र सहरावत ने इस बाबत बूथ लेवल आॅफिसर्स व सुपरवाइजर्स को आदेश दे दिए हैं। आज वे यहां  एसडी महिला महाविद्यालय में आयोजित बीएलओ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 15 से 30 जुलाई के बीच नए वोट बनवाने, अपात्रों व मृतकों के वोट कटवाने तथा विवरण की त्रुटियों को ठीक करवाने जैसे कार्यों के लिए नागरिकों के दावे व आपत्तियां स्वीकार करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के वोट बनाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ 20 व 21 जुलाई तथा 27 व 28 जुलाई को विशेष अभियान के तहत अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर आवेदकों के फार्म भरवाएंगे। बैठक में तहसीलदार आत्माराम भांभू भी मौजूद थे। एसडीएम सहरावत ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2019 की घोषणा की है। इसके तहत 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों के नए वोट बनाए जाएंगे जो अभी तक किसी कारणवश अपने वोट नहीं बनवा पाए हैं। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है तथा 30 जुलाई के बीच दावे व आपत्तियां दाखिल किए जा सकेंगे। इस अवधि में 20 व 21 जुलाई तथा 27 व 28 जुलाई को दावे व आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने की तिथियां घोषित की गई हैं। इन दिनों में सभी बीएलओ अपने-प्रात: 9 से सायं 5 बजे तक अपने बूथ पर मौजूद रहकर दावे व आपत्तियां स्वीकार करेंगे तथा आमजन से फार्म भरवाएंगे।

5 अगस्त को होगी दावे-आपत्तियों की पड़ताल 
एसडीएम ने बताया कि 5 अगस्त को सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी द्वारा दावे व आपत्तियों की जांच-पड़ताल करेंगे। 13 अगस्त तक दावे व आपत्तियों का निपटान किया जाएगा। 16 अगस्त तक सप्लीमेंट की तैयारी व छपाई का कार्य करवाया जाएगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 19 अगस्त को कर दिया जाएगा।

18-21 आयु के युवाओं व महिलाओं पर रहेगा फोकस 
पुनरीक्षण कार्य के दौरान 18 से 21 साल के युवाओं व महिलाओं के वोट बनवाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एसडीएम ने चुनाव कार्यालय के प्रतिनिधियों को सभी शैक्षणिक संस्थाओं में विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए ताकि 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों के वोट बनाए जा सकें। संक्षिप्त पुनरीक्षण अवधि के दौरान किसी अपात्र के नाम दर्ज होने, मृत्यु को प्राप्त होने वाले या स्थान छोड़ कर चले गए मतदाताओं बारे निर्धारित प्रपत्र 7 में उनके विवरण हटवाने हेतु आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है। इसी प्रकार विवरण शुद्घि के लिए प्रपत्र 8 व उसी निर्वाचन क्षेत्र में अपने विवरण अन्यत्र रखवाने हेतु प्रपत्र 8क में आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments