कुलदीप बोले, भाजपा नेताओं को हो गया है सत्ता का घमंड, हरियाणा में कांग्रेस ही बनाएगी अगली सरकार
खासा महाजन, चबरवाल, भाणा, भोडिया, कालीरावण, आदमपुर लाईनपुर तथा आदमपुर मंडी में किया जनसंपर्क
मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। लोकसभा चुनाव में मिली जीत से प्रदेश भाजपा नेताओं को सत्ता का घमंड हो गया है। आम जनमानस से जुड़ी समस्याओं को दूर करवाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में ठप पड़े विकास कार्यों को शुरू करवाने की बजाय भाजपा नेता अनाप-शनाप राग अलापने में लगे हैं। कभी 75 प्लस तो कभी 85 प्लस का राग अलाप रहे हैं। सच्चाई ये है कि लोकसभा व विधानसभाचुनावों में जमीन-आसमान का अंतर होता है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश इसका ताजा उदाहण हैं जहां पर विधानसभा चुनाव के तीन माह बाद ही नतीजे एकदम उलट आए। इस लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के सामने सभी मुद्दे छोटे पड़ गए। कांग्रेस उम्मीदवारों का सामना सीधे मोदी से था। भाजपा कुछ बिकाऊ मीडिया व सोशल मीडिया के भ्रामक प्रचार से चुनाव जीतने में सफल रही। अपनी नीतियों लोगों तक पहुंचाने में कांग्रेस पार्टी सफल नहीं हो सकी, लेकिन आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश की जनता खट्टर सरकार की किसान विरोधी, व्यापारी विरोधी, कर्मचारी, मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ मतदान करेगी, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में हर स्तर पर प्रदेश भाजपा असफल रही है। चुनावों में किए वादों को पूरा करने में असफल रही है तथा अपनी जनविरोधी व तानाशाही नीतियां हर वर्ग पर थोपी है। वे आज खासा महाजन, चबरवाल, भाणा, भोडिया, कालीरावण, आदमपुर लाईनपुर तथा आदमपुर मंडी में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा सरकार में विभिन्न परीक्षाओं में इतने ज्यादा पेपर लीक हुए, जो कभी नहीं हुए थे। नायब तहसीलदार से लेकर विभिन्न भर्तियों के परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं इस सरकार में आम हो गई। सरकार डी ग्रुप में मैरिट भर्ती का दावा तो करती है, लेकिन सच्चाई ये है कि इन भर्तियों में युवाओं की योग्यता से खिलवाड़ किया गया। बड़ी संख्या में भर्तियां निकालकर फार्म तो सरकार भरवा रही है, मगर आंकड़ों से साफ है कि ज्यादातर के रिजल्ट भी घोषित नहीं होते। किसानों के लिए यह सरकार मुसीबत बनकर उभरी। खाद के कट्टे की कीमत इस सरकार में 250 रूपए प्रति कट्टा तक बढ़ गई और कट्टे के भार भी 5 किलोग्राम कर दिया। पेट्रोल, डीजल, दवाईयों से लेकर किसान की जरूरत की हर चीज को महंगा किया, जबकि न तो फसलों का समर्थन मूल्य ही किसानों को मिला और न ही फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा राशी ही किसानों को मिली। अकेले आदमपुर हलके में ही बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जिन्हें खराब फसल की मुआवजा राशी का एक रूपए आज तक नहीं मिला। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आगामी चुनाव में हरियाणा कांग्रेस का प्रत्येक नेता एवं कार्यकत्र्ता एकजुट होकर जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए कमर कस चूका है और राज्य में आने वाली सरकार कांग्रेस पार्टी की है। इस दौरान रणधीर सिंह पनिहार, जयवीर गिल, विनोद ऐलावादी, मानसिंह चेयरमैन, कृष्ण सेठी सरपंच, राजाराम खिचड़, सुधीर काकड, गोविंद मुंदड़ा, सुनील गोदारा समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



0 Comments