कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को मिला फार्मिंग लीडरशिप अवार्ड-2019


कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को मिला फार्मिंग लीडरशिप अवार्ड-2019
    मीडिया जंक्शन समाचार 


चंडीगढ़। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को कृषि नेतृत्व पुरस्कार-2019 (फार्मिंग लीडरशिप अवार्ड-2019) से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार नीतिगत परिवर्तनों, कृषि विपणन व श्रृंखलाबद्ध योजनाओं के माध्यम से कृषि अर्थव्यवस्था की समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान हेतू दिया गया है। गत सायं नई दिल्ली में आयोजित 9वें कृषि नेतृत्व सम्मेलन-2019 में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व केरल के राज्यपाल पी. सत्थाशिवम ने कृषि क्षेत्र के विकास व कृषि क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न आठ व्यक्तियों व विभिन्न आठ संगठनों व संस्थाओं को कृषि नेतृत्व पुरस्कार-2019 से सम्मानित किया। कृषि नेतृत्व पुरस्कार-2019 से सम्मानित होने वालों में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार, गुजरात के पशुपालन मंत्री कुंवर जी बावलिया व सांसद सुरेश प्रभु शामिल थे। इस मौके पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड ने कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था की समृद्धि की दिशा में कृषि को अब कृषि सेवा क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है तथा इस दिशा में कार्य किया जा रहा हैं। कृषि के साथ-साथ सहायक कृषि कार्यों की आर्थिक समृद्धि के लिए हरियाणा में नीतिगत परिवर्तनों को कार्यरूप दिया गया है। उन्होंने हरियाणा में प्रारंभ किए गए  कृषि रत्न सम्मान व किसान रत्न सम्मान के अतिरिक्त कृषि क्षेत्र व सहायक कृषि क्षेत्र में प्रारंभ की गई  विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि कृषि अर्थव्यवस्था की समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले व्यक्तियों व संगठनों को सम्मानित करने की दिशा में वर्ष 2008 में एग्रीकल्चर टूडे द्वारा कृषि नेतृत्व पुरस्कार प्रारंभ किए गए। इस समारोह में एग्रीकल्चर टूडे के अध्यक्ष डॉ एम जे खान भी मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments