सिरसा में होने जा रहे श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व समारोह में सभी जिलों से जाएंगी बसें


सिरसा में आयोजित होने जा रहे श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व समारोह में सभी जिलों से जाएंगी बसें 
हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से की प्रबंधों की समीक्षा



मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 4 अगस्त को सिरसा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में पूरे प्रदेश से श्रद्घालुओं को बसों के माध्यम से सिरसा भिजवाया जाएगा। इसके लिए सभी जिले अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें। यह निर्देश हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने आज सभी जिलों के साथ आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिए। उन्होंने समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिलों के अधिकारियों को जरूरी प्रबंधों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, जल शक्ति अभियान, कांवड़ यात्रा की तैयारियों सहित प्रदेश सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में भी अधिकारियों को जरूरी हिदायतें दीं। मुख्य सचिव ने बताया कि सभी जिलों से श्रद्घालुओं को लाने के लिए पर्याप्त संख्या में बसों का प्रबंध संबंधित जिलों के नोडल अधिकारी की देखरेख में करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में तीन-तीन अधिकारियों की जिला स्तरीय कमेटियां भी बनाई जाएं जो अपने यहां स्थित गुरुद्वारों व धार्मिक संस्थाओं से समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्घालुओं को समारोह में ले जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस में प्रकाश पर्व के नोडल विभाग (सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग) के महानिदेशक समीर पाल सरो ने बताया कि गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 4 अगस्त को सिरसा की पुलिस लाइन में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अलग-अलग जिलों के लिए तीन कमेटियां हरियाणा पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर तथा राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज की अध्यक्षता में गठित की गई हैं जो संबंधित जिलों में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रकाश पर्व के प्रबंधों को अपनी देखरेख में पूरा करवाएंगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस में मंडल आयुक्त विनय सिंह, पुलिस अधीक्षक शिवचरण, हांसी पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, डीआरडीए के सीईओ विकास यादव, जिला सूचना अधिकारी एमपी कुलश्रेष्ठï, अतिरिक्त डीआईओ अखिलेश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कांवडि़यों की सुरक्षा को तैयार रहें जिला प्रशासन 
मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में 30 जुलाई तक कावड़ यात्रा का आयोजन होगा। प्रदेश सरकार की ओर से कांवडिय़ों की सुविधा व सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला में पुलिस व प्रशासन इस दिशा में जरूरी तैयारियां पूरी कर लें। सभी जिलों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएं और कावडिय़ों के लिए मेडिकल सुविधा व एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। कावड़ शिविरों की संचालन समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कावडिय़ों की सुविधा का समुचित ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कावडिय़ों को किसी प्रकार की दिक्कत न आने दी जाए। उन्होंने सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को जरूरी सावधानियां व चौकसी बरतने को कहा।

हिसार में यह है कांवडि़यों का रुट
हिसार मंडल आयुक्त विनय सिंह ने बताया कि कावडिय़ों की सुरक्षा व सुविधा के मद्देनजर प्रशासन व पुलिस ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। जींद से सिरसा-फतेहाबाद की ओर जाने वाले कावडि़ए हिसार में सूरेवाला चौक के रास्ते आगे बढ़ेंगे, इसलिए इस रास्ते पर सुरक्षा व सुविधाओं के तमाम प्रबंध पुलिस तथा प्रशासन द्वारा कर लिए गए हैं। 

हर 20 किमी पर तैनात रहेगी पीसीआर
पुलिस अधीक्षक शिवचरण ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। जिला में प्रत्येक 20 किलोमीटर पर पीसीआर तैनात की जाएगी। उन्होंने बताया कि कावड़ मेले के लिए जिला को भोंडसी से 150 अतिरिक्त रंगरुट भी मिल रहे हैं। एंबुलेस व पीसीआर राइडर भी तैनात किए जाएंगे तथा जहां कावडिय़ों के शिविर लगेंगे वहां भी समुचित निगरानी की जाएगी। 

सभी स्कूलों में लगाए जाएं रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा व प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत किसानों का विवरण जल्द से जल्द ऑनलाइन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जल शक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्ड में अच्छा काम हो रहा है लेकिन साथ ही इस अभियान की अपडेट भी अधिकारी लगातार अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में सरकारी व निजी स्कूलों में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली के माध्यम से बारिश के पानी को भूमिगत करने के उपाय किए जाएं। 

Post a Comment

0 Comments