आयकर छापों पर बोले कुलदीप बिश्नोई, मुझे सियासी तौर पर खत्म करना चाहती है भाजपा

आयकर छापों पर बोले कुलदीप बिश्नोई, मुझे सियासी तौर पर खत्म करना चाहती है भाजपा  
आदमपुर में समर्थकों के समक्ष बयां किया दिल का दर्द

मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। आयकर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि यह सब उन्हें बदनाम करने व सियासी रूप से खत्म करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि भजन लाल परिवार ने कभी भी बेईमानी से पैसा नहीं कमाया। पहले भी तीन बार उनके परिवार पर सीबीआई और इनकम टैक्स ने छापे मारकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास किया था लेकिन वह हर बार पाक साफ साबित हुए। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि वह कभी भी मुख्यमंत्री, मंत्री या किसी अन्य लाभ के ऐसे बड़े पद पर नहीं रहे जिसके आधार पर वे काला धन इकट्ठा कर लेते। उन्होंने मेहनत से काम करते हुए अपना व्यापार चलाया है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में एक आना भी बेईमानी से नहीं कमाया। इसीलिए आयकर विभाग पूरी कोशिशों के बावजूद उनके खिलाफ गलत तरीके की कमाई का सबूत जुटा नहीं पाया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि छापों में कुछ नहीं निकलने के बाद उन्हें अब गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है। वे डंके की चोट पर कहते हैं कि उनके पास से न तो अवैध संपत्ति बरामद हुई है और ना ही कालाधन। उन्हें सियासी रूप से खत्म करने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने समर्थकों से कहा कि जब तक उनका समर्थन और आशीर्वाद उनके साथ है वह तब तक ऐसी किसी भी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और हमेशा आदमपुर का मान ऊंचा रखेंगे। कुलदीप बिश्नोई के साथ उनकी माता जसमा देवी, पत्नी रेणुका बिश्नोई और बेटे भव्य बिश्नोई भी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments