हरियाणा : हर घर को मिलेगा स्वच्छ पेयजल


हरियाणा : हर घर को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
राज्य के 14 हजार जोहड़ों में भी भरा जाएगा पानी 

मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा  है कि राज्य में पानी सरंक्षण के लिए प्रदेश में जन अभियान चलाया जाएगा और लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी तालाबों को पानी से भरा जाएगा, किसी भी क्षेत्र व घर में पानी की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हक का पानी हर कीमत पर हरियाणे को मिले, इसके प्रयास जारी हैं और केन्द्र सरकार सचेत है कि भारत के हिस्से का पानी पाकिस्तान में ना जाए, इससे भी हरियाणा का बहुत सा क्षेत्र सिंचिंत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर से एमएलएल (इन्द्री) तक 20 किलोमीटर की सिंचाई विभाग द्वारा एक नई नहर भी बनाई जाएगी और उसमें पानी छोड़ा जाएगा तथा यह नहर डब्ल्यूजेसी नहर में मिल जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी संरक्षण की चिंता देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को है और वह देश के लोगों से मन की बात के माध्यम से आह्वान कर रहे हैं कि कल के भविष्य के लिए पानी का संरक्षण हर एक मनुष्य को करना चाहिए, प्रदेश सरकार भी इसके लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए पानी का संरक्षण जरूरी हो गया है। देश के 200 जिले डार्क जोन घोषित हो गए हैं, जिनमें 18 जिले हरियाणा के भी हैं। उन्होंने कहा कि किसानो से भी अनुरोध किया गया था कि वह धान की खेती कम करें, इसकी जगह दूसरी खेती को अपनाए। प्रदेश के किसानो ने पानी की बचत करते हुए धान की खेती के स्थान पर 40 हजार हेक्टेयर अन्य किस्म की खेती इस बार की है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के किसानों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी नई फसल लगाने वाले किसान को मुफ्त बीज, 2 हजार रुपये खर्च व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रीमियम की राशि स्वयं भरने का निर्णय लिया और इसके साथ-साथ सरकार ने निर्णय लिया कि नई फसल की खरीद वह अपनी मण्डिय़ो में करेंगे, किसानों को इसकी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।

नहरों की सफाई पर खर्च हो रहे हैं 2200 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पानी की व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। नहरों की सफाई व्यवस्था व निर्माण पर 2200 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने हथनी कुंड से टेल तक पानी पहुंचाने का काम किया है। मूनक तक नहर की सफाई व विस्तारीकरण किया जा रहा है और काम अंतिम चरणों में है। उन्होंने एक प्रश्र के जवाब में कहा कि हरियाणा में कहीं पर भी बाढ़ की स्थिति ना बने, इसके लिए पहले से ही व्यापक प्रबंध किए गए हैं और जिला स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


14 हजार जोहड़ों का होगा सौंदर्यकरण 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में पानी बचाने के लिए विशेष पहल की है। इस पहल के तहत प्रदेश में हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण बनाया गया है। इस प्राधिकरण के तहत प्रदेश के 14 हजार जोहड़ोंं का विकास किया जाएगा। पहले चरण में लगभग 3 हजार तालाबों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश स्तर पर कमेटी भी बनाई गई है। 

Post a Comment

0 Comments