हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं के एडमिट कार्ड यहां से डाउनलोड कर लें परीक्षार्थी
13 जुलाई से शुरु होने जा रही हैं 10वीं व 12वीं की पूरक परीक्षाएं
मीडिया जंक्शन न्यूज
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी पूरक परीक्षा जुलाई-2019 कम्पार्टमेंट व अंक सुधार परीक्षा प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड की अधिकारिक वैबसाईट www.bseh.org.in पर अपलोड हो गए हैं। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि 13 जुलाई को आयोजित होने वाली सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी पूरक परीक्षा जुलाई-2019 के कम्पार्टमेंट/आंशिक अंक सुधार/अतिरिक्त विषय के परीक्षा प्रवेश-पत्र 08 जुलाई से अपलोड किये जा रहे हैं। जो परीक्षार्थी इस परीक्षा में प्रविष्ठ होंगे वे बोर्ड की अधिकारिक वैबसाईट पर दिये गये लिंक www.bseh.org.in से अनुक्रमांक/नाम/पिता का नाम/जन्म तिथि डालते हुए अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड करसकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी परीक्षार्थी के प्रवेश-पत्र में फोटो, हस्ताक्षर व अन्य विवरणों में कोई त्रुटि है तो परीक्षा आरम्भ होने की तिथि से पूर्व बोर्ड कार्यालय में आकर शुद्धि करवा लें। परीक्षा समाप्ति उपरांत फोटो व हस्ताक्षर सम्बन्धी त्रुटि ठीक नहीं की जायेगी। किसी परीक्षार्थी का प्रवेश-पत्र किसी त्रुटि के कारण जारी नहीं हुआ तो वह बोर्ड कार्यालय में दस्तावेज प्रस्तुत करें तदोपरांत ही अनुक्रमांक जारी किया जायेगा।उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश-पत्र ए4 साईज पेपर पर ही प्रिन्ट करें। परीक्षार्थी अपना वही रंगीन फोटो प्रवेश-पत्र पर चिपकायें जो आवेदन फार्म भरते समय लगाया गया था तथा किसी सरकारी/गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य या किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी परीक्षा आरम्भ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, क्योंकि परीक्षा से पूर्व परीक्षार्थियों की तलाशी ली जानी है, यदि किसी परीक्षार्थी के पास कोई अनुचित सामग्री पाई जाती है तो उसे परीक्षा से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


0 Comments