इस विधायक की बेटी से हो रही है चौटाला परिवार के वारिस अर्जुन चौटाला की शादी
मीडिया जंक्शन समाचार
सिरसा। इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला जल्द ही विवाह बंधन में बंधने वाले हैं। अर्जुन चौटाला की सगाई अगले सप्ताह 18 जुलाई को यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की पुत्री से होने जा रही है। बता दें कि अर्जुन का रिश्ता यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की पुत्री जैसमीन कौर से तय हो गया है। बताया जा रहा है कि 18 जुलाई को गांव तेजाखेड़ा स्थित फार्म हाऊस पर सगाई का कार्यक्रम रखा गया है। सबसे छोटे पोते की सगाई में शामिल होने के लिए इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने दिल्ली हाई कोर्ट में पैरोल के लिए याचिका दी है। इससे पहले भी ओमप्रकाश चौटाला ने 14 दिन की पैरोल के लिए याचिका लगाई थी। यह लोकसभा चुनाव से पहले ही मंजूर थी, लेकिन इसमें दिल्ली सरकार ने शर्त लगा दी थी। इस कारण वह पैरोल पर नहीं आए थे। मई 2019 में कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके अर्जुन इन दिनों गांव तेजाखेड़ा में होने वाले सगाई कार्यक्रम की तैयारियों में मशगूल हैं। बताया जा रहा है कि सगाई कार्यक्रम में खास मेहमानों को ही बुलाए जाने की तैयारी है।


0 Comments