जीवन अनमोल है, ड्राईविंग के समय मत करें लापरवाही


जीवन अनमोल है, ड्राईविंग के समय मत करें लापरवाही 
                मिशन एक जीवन-सड़क सुरक्षा अभियान का समापन  



मीडिया जंक्शन समाचार 
हिसार। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकुला के निदेर्शानुसार व जिला एवं सत्र न्यायधीश अरुण कुमार सिंगल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा शिक्षा विभाग, यातायात विभाग व परिवहन विभाग के सहयोग से 10 जुलाई को शुरू किए गए एक जीवन-सड़क सुरक्षा अभियान का आज समापन हुआ। इस अवसर पर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढकर भाग लिया। स्कूल की प्राचार्य इंदू शर्मा, ट्रेफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर दौलत राम और हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकरण सचिव एवं सीजेएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए पहला एक घंटा गोल्डन-आवर होता है। अगर दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे में चिकित्सा सहायता मिल जाती है तो उसके जीवन को बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी उपस्थितगण से घायल व्यक्ति को तुरंत मदद करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। हमें ज्यादा स्पीड़ से व नशा करके गाड़ी नहीं चलानी चाहिए तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए। कार चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगानी चाहिए। इसी प्रकार दुपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट का इस्तेमाल करना चाहिए। अनावश्यक ओवरटेक नहीं करना चाहिए और गाड़ी मोड़ते समय इंडीकेटर का प्रयोग करना चाहिए। इस अभियान के अंतर्गत आज सुबह 6 से 8 बजे तक महाबीर स्टेडियम के मेन गेट पर एनएसएस अधिकारी नरेंद्र दुहन, पीएलवी मनोहर तथा एनएसएस वोलेंटियर व ट्रैफिक पुलिस ने सुबह की सैर करने वाले लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। आमजन ने प्राधिकरण के इस अभियान की काफी सराहना की।

Post a Comment

0 Comments