हिसार व हांसी बाल भवनों की जांच को पहुंचा बाल अधिकार संरक्षण आयोग
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने आज हिसार व हांसी का दौरा किया। बाल आयोग के सदस्य नरेश जागलान व मंजीत यादव ने हिसार के ओपन शेल्टर होम का निरीक्षण किया। उन्होंने हाजिरी रजिस्टर, अन्य रिकॉर्ड व बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने समन्वयक सतीश को ओपन शेल्टर होम में बच्चों का मेडिकल हेल्थ चेकअप सुचारू रूप से करवाने तथा शौचाालय आदि साफ-सुथरे रखवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बच्चों के लिए परामर्श व मनोरंजन की सुविधाएं बढ़ाने के संबंध में भी हिदायतें दीं। आयोग के सदस्यों ने बाल भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें नरेश जागलान ने सभी कर्मचारियों को बच्चों के साथ मित्रता पूर्वक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे भगवान का रूप होते हैं और उनके साथ अच्छा व्यवहार करके हम अच्छे समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। इस दौरान बाल कल्याण समिति हिसार के चेयरमैन पुनीत गर्ग, सदस्य अनुपमा अग्रवाल, जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार व विधि एवं परीक्षा अधिकारी देवेंद्र भी साथ रहे। इसके पश्चात आयोग के दोनों सदस्यों ने हांसी के मिनी बाल भवन स्थित स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसी का निरीक्षण किया जहां तीन नवजात शिशु पाए गए जो विभिन्न जिलों से यहां शिफ्ट किए गए थे। यहां मौजूद नर्स व आया से बच्चों का हालचाल पूछने पर बच्चे दुरुस्त पाए गए। इस मौके पर नर्स ममता, अभिनव राव व मिनी बाल भवन के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।



0 Comments