सरकारी स्कूलों पर बढ़ा भरोसा, जानें किस जिले के सरकारी स्कूलों में हैं कितने बच्चे
हिसार जिला के सरकारी स्कूलों में इस साल 2331 विद्यार्थियों की संख्या में हुआ इजाफा
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार जिला शिक्षा विभाग की मुहिम रंग लाती दिखाई दे रही है। निजी स्कूलों की चकाचौंध का मोह त्याग बच्चों ने वापस सरकारी स्कूलों की और रूख किया है। वजह है शिक्षा के स्तर में पहले से ज्यादा सुधार व मिलने वाली सरकारी सुविधाएं। अकेले हिसार जिला में चालू सत्र में करीब ढ़ाई हजार नए विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों का रूख किया है। जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हिसार के सरकारी स्कूलों में कुल 1.35 लाख बच्चों का पंजीकरण हो चुका है। जिला में इस वर्ष प्रवेश लेने वाले बच्चों की संख्या में 2331 की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से अगस्त माह में होने वाली सक्षम योजना में सभी विषयों को शामिल किया जाएगा। बता दें कि सरकारी स्क्ूलों से बच्चों का पलायन रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने सर्व शिक्षा अभियान, एसएसए और राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहयोग से प्लान तैयार किया। स्मार्ट क्लास, ज्वायफुल डे, अंग्रेजी मीडियम से पढ़ाई, लर्निंग लेवल टेस्ट सहित कई कदम उठाए गए। इसके बाद बीते सत्र में प्रदेशभर के प्राथमिक स्कूलों में जहां आठ हजार बच्चे अधिक आए, वहीं नौवीं से बारहवीं तक 18 हजार अधिक बच्चों ने सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया। हालांकि छठी से आठवीं तक के करीब बीस हजार बच्चे सरकारी स्कूल छोड़ भी गए। इस तरह बीते सत्र में 6250 अधिक बच्चों ने सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया। चालू शिक्षा सत्र में भी बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है।


0 Comments