20 फरवरी 2020, 3:20 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मनोहर सरकार के प्री बजट पर सवाल उठाते हुए कहा इसे महज औपचारिक बताया है। हुड्डा ने कहा कि जब बजट तैयार हो चुका है,आर्थिक सर्वे आया नहीं है तो इसके बगैर बजट पर भला कैसी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब बजट पेश हो जाता है तो इस पर चर्चा स्टेयरिंग कमेटी करती है। प्री-बजट बैठक के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। विधायकों से केवल सुझाव लिए जा रहे हैं। अगर इन सुझावों को सरकार लिखकर भी मंगा लेती तो कोई बात नहीं थी। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो प्रयास किया है, इसका फायदा केवल इतना हुआ कि सभी को बैठकर बात करने का मौका मिल गया। प्री-बजट बैठक में विधायकों ने बजट से संबंधित बातें नहीं की, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को अधिक उठाया। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि हम पूरे देश में कहां खड़े हैं, इस पर मंथन होना चाहिए। हुड्डा ने अपनी सरकार की वर्तमान सरकार से तुलना करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार कर्ज के बोझ तले दबी है। पहले राज्य में पेस्टीसाइड और फर्टिलाइजर पर कोई टैक्स नहीं लगता था, लेकिन अब किसान रो रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डीजल दिल्ली से सस्ता हुआ करता था, लेकिन अब यहां डीजल महंगा है।


0 Comments