सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें सफाई कर्मचारी




सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें सफाई कर्मचारी 
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन कृष्ण कुमार ने किया आह्वान 

मीडिया जंक्शन समाचार 
हिसार। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने कहा कि सीवर आदि की सफाई के कार्य सुपर शकर मशीन व अन्य मैकेनाइज्ड तरीके से की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से सीवरमैन को सीवर सफाई के लिए सीवर में ना उतारा जाए। वे वीरवार सायं सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिला प्रशासनिक भवन के सभागार में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा के दृष्टिद्दगत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ इनके उपयोग के बारे में भी प्रेरित करें। सफाई कर्मचारी सफाई आदि के कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करेंगे तो दुर्घटनाएं कम होंगी। सुरक्षा उपकरण भी उत्तम गुणवत्ता वाले होने चाहिए। संबंधित विभाग के अधिकारी हर छह माह के अंतराल पर सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं क्योंकि स्वच्छ भारत में सफाई कर्मचारियों की अहम भागीदारी है। यदि हमारे आसपास साफ-सफाई होगी तो वातावरण भी शुद्घ रहेगा और लोग बीमारियों से बचे रहेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन व अन्य लाभ मिल सकें , इसके लिए अलग से सेलरी हैड बनाया जाएगा। ऐसा करने से सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन व अन्य लाभ मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के बच्चे किन-किन स्कूलों में पढ़ रहे हैं, इसका रिकॉर्ड भी तैयार करवाने की जरूरत है ताकि इनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा सकें। इस कार्य के लिए डीईओ, बीडीपीओ व संबंधित नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अधिकारी तथा नगर पार्षद मिलकर इन बच्चों की संख्या एकत्रित करेंगे ताकि सफाई कर्मियों के बच्चों को शिक्षा के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक रूप से उभारा जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति का सम्पूर्ण विकास संभव है। सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन ने कहा कि तकनीक के साथ-साथ सीवर आदि की सफाई के तौर तरीकों में भी बदलाव आया है। सफाई कर्मचारी को कौन सा सुरक्षा उपकरण कैसे और कब पहनना है इसकी जानकारी भी होनी चाहिए। संबंधित विभाग सफाई कर्मचारियों के लिए इस तरह की वर्कशॉप का आयोजन करें जिसमें वे सफाई कार्यों, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग आदि बारे ज्यादा जागरूक हो सकें। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ सफाई कार्यों में आने वाली समस्याओं, कर्मचारियों के लिए गेंहू ऋण, बैंक लोन, प्रमोशन आदि विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने सफाई कर्मचारी आयोग के वाईसचेयरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि नगर पालिका व नगर-निगम के ईओ व सचिव सफाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखेगें। इस अवसर पर सीटीएम शालिनी चेतल, डीडीपीओ अश्वीर कुमार, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. डीएस सैनी व जिला कल्याण अधिकारी जगत बिश्रोई सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौूजद रहे।


सफाई कर्मियों के बच्चे बीच में छोड़ें पढ़ाई तो कारण जरूर जानें अधिकारी 
सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि सफाई कर्मचारियों के बच्चे यदि अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ देते है तो पढ़ाई छोड़ने का कारण जरूर पता किया जाए। जहां तक संभव हो सके, इन बच्चों का ड्रॉप आऊट रोका जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी सफाई कर्मचारी का बच्चा शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक प्राप्त करता है तो उसे नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे अन्य बच्चे प्रेरणा लेंगे।

Post a Comment

0 Comments