मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अभी तक भी नहीं करवाया पंजीकरण तो जल्दी से करवा लें


मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अभी तक भी नहीं करवाया पंजीकरण तो जल्दी से करवा लें 

1800-180-2060 पर ले सकते हैं पोर्टल पंजीकरण संबंधी हर जानकारी

मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण का कार्य धीमी गति  से चलने पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना के तहत जिला के किसानों का आॅनलाइन पंजीकरण करवाया जाना अनिवार्य है और यह कार्य पिछले काफी दिनों से चल रहा है लेकिन अभी तक पर्याप्त संख्या में किसानों का विवरण अपलोड नहीं हो पाया है। पिछली बार जहां हिसार जिला प्रदेश के अन्य जिलों से आगे था वहीं इस बार यह कई जिलों से काफी पीछे चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को तेज गति से संपन्न करवाने की जरूरत है। उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश में बोई गई फसलों का विवरण एकत्र कर किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने की दिशा में फसलों का ब्यौरा आॅनलाइन करने की योजना बहुत महत्वपूर्ण है। इससे किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने में कोई दिक्कत नहीं आती है और उन्हें फसलों का पूरा भाव भी मिलता है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण कार्य की समीक्षा व निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री कर रहे हैं, इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना के तहते सभी किसानों का पंजीकरण करवाने के लिए जिला के प्रत्येक गांव में गोष्ठी एवं शिविर आयोजित करवाकर ज्यादा से ज्यादा किसानों का पंजीकरण करवाएं। इसके लिए शैड्यूल बनाया जाए तथा प्रत्येक गांव में आयोजित किए जाने वाले शिविरों में संबंधित गांव का पटवारी, ग्राम सचिव, सरपंच, नंबरदार व मार्केट कमेटी का अधिकारी-कर्मचारी तथा कॉमन सर्विस सेंटर का वीएलई हाजिर होने चाहिए।
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने सभी उपमंडलों के एसडीएम को भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को यह निर्देश देने को कहा कि वे योजना में पंजीकरण कार्य के लिए बनाए गए शैडयूल के अनुसार संबंधित गांव में हाजिर रहकर पंजीकरण में पूर्ण सहयोग करें। इस योजना में पंजीकरण का कार्य प्रत्येक गांव में स्थित सीएससी, अटल सेवा केंद्र व सरल अंत्योदय केंद्रों के माध्यम से हरियाणा सरकार के पोर्टल पर करवाएं ताकि किसानों को इस कार्य के लिए जिला या उपमंडल के दफ्तरों में न घूमना पड़े। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पंजीकरण करने वाले सीएससी संचालक वीएलई को प्रत्येक पंजीकरण की एवज में 5 रुपये प्रति पंजीकरण की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा पंजीकरण करवाने वाले किसान को प्रति एकड़ 10 रुपये की प्रोत्साहन राशि (प्रति किसान अधिकतम 50 रुपये तक) दी जाएगी। योजना के तहत पंजीकृत किसान को एक स्थाई रजिस्टे्रशन नंबर मिलेगा। प्रदेश सरकार सभी पंजीकृत किसानों को कृषि संबंधी जानकारियां, खाद, बीज, ऋण एवं कृषि उपकरणों की सबसिडी, फसल की बिजाई-कटाई का समय और मंडी संबधी जानकारियां तथा प्राकृतिक आपदा-विपदा के दौरान सही समय पर सरकारी सहायता प्रदान करेंगे।


इन हेल्पलाईन नंबर पर कर सकते हैं संपर्क 
उपायुक्त ने जिला के सभी किसानों से आग्रह किया कि वे आगामी सप्ताह में गांववाइज लगाए जाने वाले शिविरों में अपनी फसल का ब्यौरा देकर अपना पंजीकरण करवाएं व इस योजना का लाभ उठाएं। शिविरों के शैडयूल के बारे में किसान अपने गांव के पटवारी व ग्राम सचिव से जानकारी ले सकते हैं। पंजीकरण में किसान अपना मोबाइल नंबर, आधार नंबर, बैंक खाता का विवरण और फसल व जमीन का ब्यौरा के लिए फर्द-जमाबंदी साथ लेकर आएं। इस योजना के बारे में और अधिक जानकारी के लिए कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 1800-180-2060 (हरियाणा सरकार) तथा 1800-180-1551 (भारत सरकार) पर संपर्क कर सकते हैं। 

Post a Comment

0 Comments