तैयारियां। ‘रूहानी राहगीर’ नाम से मनाया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 550वां प्रकाशोत्सव
हरियाणा के हर शहर में लगाई जाएंगी ‘सिरसा चलो’ श्री गुरु नानक देव जी की जीवनी आधारित होर्डिंग
मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 550वां प्रकाशोत्सव 4 अगस्त को हरियाणा के सिरसा में ‘रूहानी राहगीर’ के नाम से मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरु कर दी हैं। इसके लिए पूरे प्रदेशवासियों को न्यौता दिया जाएगा। प्रदेश के हर शहर में ‘सिरसा चलो’ के नाम से श्री गुरु नानक देव जी की जीवनी आधारित होर्डिंग लगाए जाएंगे। यह निर्णय विगत दिवस हरियाणा की मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा की अध्यक्षता में गठित कार्यकारी कमेटी की बैठक में लिया गया। मुख्य सचिव ने बैठक पहुंचने के लिए सभी विशेष आमंत्रित सदस्यों का हरियाणा सरकार की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि अगर को सदस्य समारोह और अधिक सफल बनाने के लिए सुझाव देता है तो हम उसका स्वागत करते हैं। बैठक में सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री समीर पाल सरो ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कमेटी 29 अगस्त 2018 को गठित की गई थी, जिसकी पहली बैठक कुरुक्षेत्र में 30 नवम्बर, 2018 को हुई थी, जिसमें 6 सिक्खी शोधकतार्ओं ने श्री गुरु नानक देव महाराज जी की जीवनी व शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला था। उसके उपरांत 20 दिसम्बर, 2018 को तत्कालीन मुख्य सचिव श्री डीएस ढेसी की अध्यक्षता में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीतचीत की गई थी और इस समारोह के बारे जानकारी दी गई थी ताकि महापुरुषों की जीवनियों पर ज्यादा से ज्यादा शोध किया जा सके। बैठक में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद सरदार त्रिलोचन सिंह ने हरियाणा सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह एक अच्छी पहल है तथा यह गुरु नानक देव जी महाराज के भाईचारे व मानवता के सिद्धांत को पहुंचाने के लिए हरियाणा ने भारत को एक अच्छा संदेश दिया है। इस बैठक में विधायक सरदार बख्शीश सिंह विर्क, हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चौपड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, कला एवं संस्कृति विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरा खण्डेलवाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक निगम, बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीसी गुप्ता, सिरसा के उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग के अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों में फरीदाबाद से आर सी खन्ना, गुरु प्रसाद सिंह, करनाल से हरप्रीत सिंह नरुला, लखविंद्र सिंह ग्रेवाल के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


0 Comments