मिशन जल शक्ति को सफल बनाने में जुटा हरियाणा, आप भी जरूर बचाएं जल ...
मीडिया जंक्शन समाचार
चंडीगढ़। पानी की बर्बादी रोकने केसाथ-साथ जल बचाने को लेकर हरियाणा सरकार ने प्रदेश में बड़े स्तर पर जल शक्ति अभियान छेड़ा है जिसके तहत प्रदेश के शहरों में योजनाबद्ध तरीके से जल संग्रहण, हरित क्षेत्र विस्तार और जागरूकता अभियान के समन्वय के साथ-साथ लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक पालिका स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जहां अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, वहीं पूरी प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए निगरानी टीम काम करेगी। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक वर्ष जुलाई, अगस्त, सितंबर माह के नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर पर लक्ष्य निर्धारित करते हुए उनके क्रियान्वयन में तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। सभी निकाय क्षेत्रों में सभी सार्वजनिक स्थानों पर जल संग्रहण क्यों जरूरी और इसके लिए क्या कदम उठाए जाएं, इसके लिए शिक्षण संस्थानों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता फैलाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी संग्रहण के लिए शहरों में सरकारी भवन, सार्वजनिक भवन, व्यवसायिक-औद्योगिक भवनों में व्यवस्था की जाए और जहां बरसाती जल संग्रहण के लिए ढांचा निष्क्रिय पड़ा है, उसका सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शहरी क्षेत्र में जलाशय, तालाब, झील आदि से प्राथमिकता आधार पर अतिक्रमण हटाने, गंदे पानी का जलाशय में गिरना प्रतिबंधित करते हुए उसकी खुदाई करना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश के 18 शहरों में अमरूत योजना के तहत तथा अन्य शहरों में विभागीय कार्य योजना तैयार करके इसे शुरू करवाया जाए। वहीं जलाशय के जीर्णोद्धार में आसपास के नागरिक अथवा संगठनों का सहयोग लेते हुए उनकी भागीदारी की जाए, ताकि वह जल संरक्षण को लेकर जागरूक हों। मीडिया जंक्शन भी सभी फालोवर्स से अपील करता है कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए आप भी जल की बर्बादी बिल्कुल न करें। जितना ज्यादा हो सके पानी बचाएं।
हर मंगलवार को भेजनी होगी अभियान की प्रगति रिपोर्ट
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने विभाग के सभी अधिकारियों को जल शक्ति अभियान की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार कर प्रत्येक सप्ताह निगरानी करते हुए मंगलवार को उन्हें भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के सभी पार्क, हरित पट्टी क्षेत्र, सड़क किनारे सोख गड्डे अधिक से अधिक संख्या में तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरओ के व्यर्थ बहने वाले पानी को बागवानी में तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर उपचारित होने वाले पानी को बागवानी के साथ-साथ उद्योगों को भी उपलब्ध कराने की योजना पर काम करने के भी आदेश दिए।


0 Comments