हरियाणा : 8 अगस्त को 94 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़े मारने की गोली


हरियाणा : 8 अगस्त को 94 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़े मारने की गोली



4 अगस्त 2019, 9:04 AM
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 8 अगस्त को राज्य के 1-19 वर्ष आयुवर्ग के 94 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इससे ‘कृमि मुक्त हरियाणा’ बनाने और बच्चों को पेट के कीड़ों से निजात दिलाने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेशभर के बच्चों को दवा खिलाने के लिए 18 हजार से भी अधिक शिक्षकों और 21 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ी कार्यकतार्ओं को प्रशिक्षित किया है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी में अपंजीकृत तथा स्कूल ना जाने वाले बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है। इसके अलावा अधिक से अधिक बच्चों को लाभ पहुंचाने के लिए ईंट-भट्ठा साइटों, दूर-दराज के क्षेत्रों में शिविर लगाने तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि डब्ल्यू.एच.ओ. की रिपोर्ट के अनुसार इस दवाई का सेवन एक सुरक्षित, लाभदायक एवं प्रभावी है, जो कि वैश्विक स्तर पर स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक हुए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के कुल 8 राऊंड किए गए हैं। इस बार अगस्त के आयोजन में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले 35.27 लाख तथा स्कूल नहीं जाने वाले 16 लाख बच्चों को शामिल करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे बच्चे जो 8 अगस्त को दवाई से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 20 अगस्त को दवाई दी जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अमनीत पी. कुमार ने बताया कि हरियाणा में 79.73 लाख बच्चों को फरवरी, 2019 को दवा खिलाई थी, जिस संख्या को इस राऊंड में ओर अधिक बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए एनवाईकेएस, एनसीसी के प्रतिनिधियों को खुले में शौच के कारण कृमि संक्रमण के हानिकारक प्रभावों के बारे में भी लोगों को जागरूक करने को कहा गया है।

घबराएं नहीं, सभी के लिए सुरक्षित है दवाई 
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि कृमि नियंत्रण की दवाई सभी के लिए सुरक्षित है, किन्तु गंभीर कृमि संक्रमण वाले बच्चों में यह दवाई खाने पर जी मिचलाना, पेट में हल्का दर्द, उल्टी, दस्त, और थकान आदि शिकायत हो सकती है, इसके लिए घबराने की आवश्यकता नहीं है।

Post a Comment

0 Comments