हरियाणा के यह 9 जिले होने जा रहे हैं मलेरिया मुक्त, यहां मलेरिया से होने वाली मौतों को रोकेगा सेहत महकमा


हरियाणा के यह 9 जिले होने जा रहे हैं मलेरिया मुक्त, यहां मलेरिया से होने वाली मौतों को रोकेगा सेहत महकमा  




4 अगस्त 2019, 9:07AM
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2019 में प्रदेश के 9 जिलों को मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत व्यापक स्तर स्वास्थ्य सेवाओं पर ओर अधिक बल दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि राज्य के अम्बाला, फतेहाबाद, जीन्द, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी तथा सोनीपत जिलों को मलेरिया मुक्त किया जाएगा। इसके लिए राज्य में वैक्टर जनित रोगों मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया तथा जापानी बुखार पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व उपकेन्द्रों में मलेरिया की घटनाओं को घटाकर प्रति हजार की जनसंख्या पर एक केस से भी कम करने पर बल दिया जा रहा है। इसके अनुरूप वर्ष 2020 तक राज्य के सभी जिलों को मलेरिया एवं उससे होने वाली मृत्यु पर नियंत्रण किया जाएगा। इस प्रकार प्रदेश 2022 तक पूर्ण रूप से मलेरिया मुक्त होगा। इन प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में वैक्टर जनित रोगों पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर, शिक्षा, शहरी विकास प्राधिकरण, स्थानीय निकाय, सिंचाई सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वैक्टर जनित रोगों पर नियंत्रण के लिए राज्य के नूंह जिला में 154 बुखार उपचार केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके लिए लोगों को जागरूक करने हेतु स्वास्थ्य मंत्री ने सभी पंच एवं सरपंचों को पत्र लिखा है, जिसमें गांवों को रोग मुक्त बनाने में पूर्ण सहयोग की अपील की है। इसके अलावा वॉल पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग व अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments