हरियाणा : रिफलेक्टिव टेप से लगेगा सड़क हादसों पर ब्रेक, रोड सेफ्टी संकेत भी लगाए जाने की तैयारी
28 अगस्त 2019, 7:36 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रिफलेक्टिव टेप लगाई जाएगी जिस पर करीब इन 5 करोड़ रुपए खर्च किये जायेंगे। यह टेप दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगाई जायेंगी ताकि रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने इस बाबत अधिकारियों को निर्देश दे दिये हैं। उन्होंने बताया कि जगह-जगह पर रोड सेफ्टी के संकेतों को भी लगाया जायेगा। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विद्याार्थियों एवं आमजन को ट्रैफिक नियमों के बारे जागरूक करने की दिशा में कार्य करें। उन्होने कहा कि विभिन्न गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्थाओं को जागरूकता के लिए शामिल किया जाये। बैठक में बताया गया कि राज्य में सडक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानून बनाया गया है जिसके अंतर्गत चालान से मिलने वाली धन राशि का 50 प्रतिशत पैसा सडक सुरक्षा कोष में जमा करवाया जाता है जिसके तहत सडक सुरक्षा संबंधित गतिविधियां की जाती हैं। बैठक में लोक निर्माण (भवन एवं सडकें) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक निगम, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.सी.गुप्ता, वित्त विभाग कि अतिरिक्त मुख्यसचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण तथा नगर एवं अभियोजना विभाग के प्रधान सचिव अपूर्व कुमार सिंह समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


0 Comments