यमुनानगर : सास-बहू के रोज-रोज के झगड़े से परेशान युवक ने यमुना में लगा दी छलांग, मौत
यमुनानगर के हमीदा हेड की घटना
बचाने के लिए छोटा भाई भी कूदा, आसपास के लोगों ने निकाला
गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन
11 अगस्त 2019, 5:06 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
यमुनानगर। सास-बहू का झगड़ा कोई नई बात नहीं है। शायद ही कोई ऐसा परिवार हो जहां सास-बहू के झगड़े सुनने को न मिलते हों। यहां यमुनानगर में तो सास-बहू के झगड़े की हद हो हो गई। दोनों को बार-बार समझाने के बाद भी जब यह झगड़ा खत्म नहीं हुआ तो आहत युवक ने परेशान होकर यमुना में छलांग लगा दी। बड़े भाई को डूबते देख छोटा भाई भी उसे बचाने के लिए यमुना में कूद गया लेकिन ब्वह भी डूबने लगा। आस-पास के लोगों ने किसी तरह से छोटे भाई को तो यमुना से निकाल लिया लेकिन बड़ा डूब गया। छोटे भाई की भी हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में एल्यूमिनियम की फैक्टरी में नौकरी करने वाले मोनू की शादी मनीषा से हुई थी। उसकी एक बेटी और बेटा है। मनीषा का अपनी सास के साथ विवाद रहता था। इस वजह से वह छत पर बने कमरे में अलग रहने लगी। नीचे मोनू का छोटा भाई अनिकेत मां के साथ रहता था। कई दिन से घर में कलह बढ़ गई थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे इसी बात को लेकर मोनू और मनीषा के बीच कहासुनी हुई। इस पर मोनू गुस्से में घर से बाहर निकल आया। मनीषा ने पति के पीछे बेटे को भेजा, लेकिन वह नहीं मिला। वह मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया था। दूसरी ओर, मोनू को गुस्से में घर से बाहर जाते देख छोटा भाई अनिकेत भी उसके साथ हो गया। अनिकेत रास्ते में बड़े भाई को समझाने लगा और उसका गुस्सा शांत करने की कोशिश करता रहा। दोनों पश्चिमी यमुना नहर पर हमीदा हेड पर पहुंचे। यहां पर दोनों बात कर थे कि मोनू ने नहर में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए अनिकेत भी नहर में कूद गया। इसके बाद दोनों भाई नहर में डूबने लगे। आसपास के लोगों ने देखा तो उन्होंने दोनों को बचाने की कोशिश की। लोगों ने अनिकेत को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन मोनू नहर की तेज धारा में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से अनिकेत को अस्पताल भेज दिया। यहां से उसे पीजीआइ भेज दिया। मोनू का अब तक पता नहीं लग पाया है।


0 Comments