हिसार : 'स्वच्छ भारत' की झलक देखनी है तो एक बार जरुर पधारें कृष्णानगर, आपको भी है खुला न्यौता
जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर करते हैं आगंतुकों का स्वागत
बरसात में तो और भी बदतर हो गए हैं हालात
नारकिय जीवन जीने को मजबूर हैं यहां के बाशिंदे
नशेडि़यों के लिए भी बना है सबसे सुरक्षित स्थान
7 अगस्त 2019, 3:54 PM
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शनहिसार। यदि आपने स्वच्छ भारत व विकास की हकीकत बयां करती तस्वीर देखनी है तो हिसार के कृष्णा नगर चले आइए। यह न्यौता यहां के बाशिंदों ने हर उस नागरिक, नेता व अधिकारी को दिया है जो यह कहते हैं कि कहीं कोई समस्या नहीं है। यदि आपको भी फुर्सत मिले तो स्वच्छ हिसार की यह झलक देखने अवश्य पधारिएगा। जगह-जगह भरा बरसाती पानी व गंदगी के ढेर पूरे सिस्टम की पोल खोल रहे हैं।विगत एक साल से भी अधिक समय से दिल्ली रोड से कृष्णा नगर को जाने वाला मुख्य मार्ग बंद पडा है। इसे ठेकेदारों की मनमानी कहें या प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी लेकिन परेशान हो रहे हैं तो सिर्फ कृष्णा नगर के बाशिंदे़। बरसात की वजह से कृष्णा नगर को जाने वाला पावर हाऊस रोड इस पानी की झील में तबदील हो चुका है कि लोगों को घरों तक पंहुचने के लिए कडी़ मेहनत करनी पड़ रही है।अभिभावकों को अपने बच्चें को स्कूल बस तक छोडने के लिए दिल्ली रोड अथवा पावर हाऊस रोड पर आना पड़ रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो मुख्य मार्ग के निर्माण मेंअभी एक दो माह का और समय लग सकता है।
ठेकेदारों की लापरवाही का आलम यह है कि विगत कई माह से पानी निकासी के पाईप सड़क पर पडे़ हैं। आगे किसी भी प्रकार के काम की कोई गुंजाईश नहीं है। इन पाईपों के कारण सीवरेज में पानी की निकासी नहीं हो पाती और जलभराव के कारण गंदगी का वातावरण बना रहता है। सफाई कर्मचारी जलभराव के कारण सफाई नहीं कर पाते जिससे थहर पल दुर्गध बनी रहती है।
स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे अधिकारी व ठेकेदार
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वह कई बार ठेकेदार के करिदों को कह चुके हैं लेकिन कोई असर नहीं है। प्रशासन एक ओर बार-बार ऐसे अवरोध हटाने की चेतावनी देता है लेकिन अपने ही विभाग के अधिकारी व ठेकेदार सफाई व स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा रहे हैं। ऐसा ही एक ओर उदाहरण है कृष्णा नगर की पावर हाऊस रोड। पावर हाऊस रोड पर ही रेलवे विभाग की लापरवाही का खामियाजा भी भुगत रहे हैं यहां के लोग।
लंबे समय से से टूटी है रेलवे की दीवार
रेलवे विभाग की उदासीनता और अनदेखी के कारण रेलवे की दीवार विगत लम्बे समय से टूटी हुई है। वाहन सहित लोगों के आवागमन का आम रास्ता बन गया है। स्थानीय लोगों ने दीवार को बनाने के लिए रेलवे के अधिकारियों से गुहार भी लगाई लेकिन आज तक कोई परिणाम नहीं निकला। रेलवे का यह हिस्सा गंदगी का हब बन गया है। पालतु पशुओं व बेसहारा गायों का जमावडा़ लगा रहता है।दूरदराज के लोग अपने घरों का कूडा व कचरा यहां फैक जाते हैं जिससे बरसात के दिनों में गंदगी का वातावरण बना रहता है।
नशेडि़यों व जूआरियों का है सुरक्षित ठिकाना
कृष्णा नगर पावर हाऊस रोड का यह क्षेत्र नशेडिय़ों के लिए सबसे सुरक्षित स्थान है। देर सायं पूरे ट्रैक के पास टोलियों में लोग जुआ खेलते अथवा नशा करते देखे जा सकते हैं। यहां न तो रेलवे विभाग के सुरक्षा कर्मचारी अथवा रेलवे पुलिस पंहुच पाती है और न ही रेलवे की सीमा होने के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन कुछ कर पाता है। विद्युतिकरण होने के बाद भी रेलवे विभाग ट्रैक की सुरक्षा की अनदेखी कर रहा है।






0 Comments