हरियाणा : आनलाईन प्लेटफार्म से जुड़ेंगे पुराने उद्योग, खत्म होगा इंस्पेक्ट्री राज
किसी भी कंपनी में डायरेक्ट नहीं जा पाएंगे पुलिस इंस्पेक्टर
3 अप्रैल 2019, 3: 57 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा में अब नए उद्योग लगाने के साथ-साथ पुराने उद्योगों का नवीनीकरण करके उनको आनलाईन प्लेटफार्म से जोड़ा जाएगा। हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि भारत के मानचित्र पर पानीपत का नाम औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ हैण्डलूम के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने बताया कि विगत 1 फरवरी 2017 से एक ही छत के नीचे औद्योगिक क्षेत्रों की अनापत्ति प्रमाण पत्र देने का कार्य किया जा रहा है। आॅनलाईन 72 प्रकार की एनओसी 45 दिनों में जारी कर दी जाती हैं। यदि 45 दिनों में किसी औद्योगिक संस्थान को एनओसी नहीं मिलती तो उसे डिम्ड-टू-क्लीयर माना जाता है। उन्होंने बताया कि पिछली कैबिनेट में औद्योगिक संस्थानों के लिए यह भी फैसला लिया गया कि नई इंडस्ट्री लगाने के साथ-साथ पुरानी इंडीस्ट्री के नवीनीकरण करने के अलावा उनको आनलाईन किया जाएगा। यह सब इंस्पेक्ट्री राज को खत्म करने और भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए किया गया है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। किसी भी इंस्पेक्टर को किसी औद्योगिक संस्थान में जाने से पहले अपने विभागाध्यक्ष से अनुमति लेनी होगी। औद्योगिक क्षेत्र में पिछले चार सालों में इतना काम हुआ है कि इज आॅफ डूईंग बिजनेस के मामले में देश में हरियाणा प्रदेश 14वें स्थान से तीसरे स्थान पर आ गया है। यही नही नीजि क्षेत्र में नए औद्योगिक संस्थानों के माध्यम से 4 लाख नौकरियां पैदा की गई हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सभी औद्योगिक संस्थान पानी बचाने और पौधे लगाने की मुहिम को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं इसके लिए पहल की है। गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार भी इसके लिए किसानों को धान की जगह दूसरी फसलों को उगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है लेकिन इसमें आमजन की सहभागिता बहुत ही जरूरी है।


0 Comments