चौ. भजनलाल की स्मृति में गुरूग्राम में बनेगा विशाल बिश्नोई भवन
अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के संरक्षक संरक्षक कुलदीप बिश्नोई ने रखी आधारशिला
11 अगस्त 2019, 4:07 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
गुरूग्राम। अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के संरखक एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज गुरूग्राम में पूर्व मुख्यमंत्री जननायक स्व. भजनलाल की स्मृति में बनने वाले बिश्नोई भवन संस्थान की आधारशिला रखी। कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चौ. भजनलाल की याद में बनने वाले इस भवन की आधारशिला रखना उनके लिए गौरवमयी पल है। पिताजी की दिव्य आत्मा से वैसी ही इच्छाशक्ति एवं साहस के रूप में आशीर्वाद मिल रहा है, जिससे चौधरी साहब आजीवन समाज की उन्नति के लिए प्रयासरत रहे। बात चाहे मुक्तिधाम मुकाम के निज मंदिर के पुननिर्माण की हो, देश की राजधानी दिल्ली में गुरू जम्भेश्वर संस्थान भवन निर्माण की बात हो, पंचकूला के भवन की बात हो या देश में बिश्नोई समाज के किसी भी अन्य धार्मिक स्थल पर आशानुरूप सहयोग देते हुए उन्होंने समाज को हमेशा एकसूत्र में बांधे रखा। उन्होंने कहा कि चौ. भजनलाल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए उन्होंने हमेशा ईमानदारी से प्रयास किया है कि मैं समाज की मजबूती के लिए काम कर सकें। पूरे विश्व में आज बिश्नोई समाज के गौरवशाली इतिहास को याद किया जाता है। बिश्नोई समाज ने अपने गौरवशाली इतिहास पर चलते हुए हर क्षेत्र में मेहनत के बल पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। किसी भी समाज की मजबूती के लिए जरूरी है कि वह समाज धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक दृष्टि से संपन्न होते हुए आगे बढ़े। मुझे खुशी है कि आज पूरे देश में बिश्नोई समाज एकता के सूत्र में बंधा है और हम मजबूती से हर दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एकता में बढ़ी ताकत होती है और इसी एकता के सूत्र में बंधकर हमें समाज की भलाई की दिशा में काम करते रहना है। गुरूग्राम जो कि साइबर सिटी के रूप में विख्यात है। इसका ब्लूप्रिंट भी चौधरी भजनलाल जी के कार्यकाल में तैयार किया गया था। आज उसी गुरूग्राम में पिताजी की स्मृति में बनने वाले गुरू जंभेश्वर धार्मिक केन्द्र व बिश्नोई भवन की आधारशिला रखते हुए मुझे अत्यंत गर्व महसूस हो रहा है। इस भवन के बनने से एनसीआर में रहने वाले व एनसीआर में आने जाने तथा व्यापार करने वाले लोगों को बहुत लाभ होगा। आज समाज के लोग अपने कार्यों के लिए देश-विदेश में जाने लगे हैं। यहां से हवाई अड्डा भी नजदीक है। यह संस्थान भवन बिश्नोई समाज के गौरवशाली इतिहास में न केवल चार चांद लगाएगा, बल्कि पीढि?ों तक समाज के अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों का गवाह बनेगा। उनकी समाज की समस्त संस्थाओं और भामाशाह दानवीरों से अपील है कि इस भव्य बहुमंजिला भवन निर्माण में सहयोग दें, ताकि भविष्य में आने वाली पीढियों के सामने हम अनुकरणीय उदाहरण पेश कर सकें। इस दौरान मुकाम पीठाधीश्वर आचार्य रामानंद, महंत रामकिशन, पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा, राजस्थान सरकार में मंत्री सुखराम बिश्नोई, विधायक पब्बाराम बिश्नोई, विधायक बिहारी लाल, पूर्व विधायक के.सी. बिश्नोई, अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीराराम भंवाल, रामस्वरूप धारणिया, सहदेव कालीराणा, प्रदीप बैनीवाल, सुभाष देहडू, अनिल ज्याणी,प्रो. संजय जौहर, देवेन्द्र बुडिया, सोमप्रकाश सिगड़ समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



0 Comments