नारनौंद : पशुपालन से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी चाहिए तो 11 को चले आईए डाटा गौशाला
उत्तम नस्ल के पशुधन को बढ़ावा देने को किया जा रहा है पशु प्रदर्शनी का आयोजन
प्रदर्शनी में 7 श्रेणियों में 16 कैटेगरी के लगभग 500 पशु होंगे शामिल
06 सितंबर 2019, 05:57 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार/नारनौंद। हरियाणा सरकार द्वारा उत्तम नस्ल के पशुधन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत राज्य में एक दिवसीय पशु प्रदर्शनी आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला के गांव डाटा स्थित डाटा गौशाला 11 सितंबर को सुबह 9 बजे एक दिवसीय जिला स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा जिसका उद्घाटन वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु करेंगे। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि इस पशु प्रदर्शनी में पूरे जिले से 7 श्रेणियों में 16 कैटेगरी के लगभग 500 पशु शामिल होंगे जिनमें झोटा, दुधारू व शुष्क गाय व भैंस, झोटी, गौशाला के देशी नस्ल के दुधारू व शुष्क गाय तथा भेड़, बकरी व सुअर जाति के पशु भाग लेंगे। सभी कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय के अलावा नकद सांत्वना पुरस्कार व प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधू ने बताया कि प्रदर्शनी में विभाग से संबंधित सभी प्रकार की स्कीमों व पशुपालन से संबंधित अन्य जानकारियां भी दी जाएंगी। प्रदर्शनी में आने वाले पशुओं की प्रतियोगिता करवाई जाएगी जिसके लिए विभाग से विशेषज्ञों की टीम आमंत्रित की गई है। यह टीम पशुओं को उनकी विशेषता के अनुसार जांच कर उनका चयन करेगी। डॉ. धूप सिंह ंिसंधू ने जिला के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने उत्तम नस्ल के पशुओं को इस प्रदर्शनी में सुबह 9 बजे लेकर आएं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक पशुपालक जिला हिसार के किसी भी पशु संस्था से संपर्क कर सकता है। पशुपालक अपने पशुओं का प्रदर्शनी में पंजीकरण करवाने हेतु अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय या औषधालय से संपर्क करें ताकि प्रदर्शनी में शामिल होने में किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो।


0 Comments