हरियाणा महाभारत-2019: आज शाम तक बज सकता है चुनावी बिगुल !


हरियाणा : आज शाम तक बज सकता है चुनावी बिगुल


निर्वाचन आयोग ने पूरी की तैयारियां, 1.83 करोड़ वोटर करेंगे मतदान 

19 सितंबर 2019, 2:20 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम तक विस चुनाव का शंखनाद भी हो सकता है।। इस बार के विधानसभा चुनावों में 1.83 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर नई सरकार का चुनाव करेंगे। इस बार के विधानसभा चुनाव में पिछले 2014 के विधानसभा चुनाव से 2140597 वोटरों का इजाफा हुआ है। प्रदेश के पिछले विधनसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 16158117 है जो कि इस बार बढ़कर 1,82,98,714 हो गई है। विधानसभा चुनाव में इस बार युवा वोटरों की अहम भूमिका रहेगी। इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बूथ को कवर किया जाएगा। इस अभियान में एक वाहन के माध्यम से आम जन को ईवीएम और वीवीपैट मशीन की जानकारी दी जाएगी।  हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है ताकि वे आने वाले विधानसभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग कर सकें। इसके अलावा, राज्य के महाविद्यालयों में छात्रों को भी जागरूक किया जा रहा है जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है ताकि वे भी अपने मत का प्रयोग पहली बार कर सके और देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। बैठक के दौरान श्री अनुराग अग्रवाल ने बताया कि यदि अभी तक किसी नागरिक का वोट नहीं बना है और वह 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु का हो गया है तो वह जल्द से जल्द अपना वोट बनवाकर लोकतंत्र अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस बार 107486 है सर्विस वोटरों की संख्या 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है और इस विशेष अभियान के तहत मतदाताओं के नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया के बाद हरियाणा में कुल मतदाताओं की संख्या 1,82,98,714 है। इस मतदाता सूची की कॉपी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2019 को प्रकाशित ड्राफ्ट रॉल के अनुसार राज्य में मतदाताओं कि संख्यां 1,79,69,515 थी। इस विशेष अभियान के तहत 2,69,201 नाम जोड़े गए और 47,488 नाम काटे गए। इस प्रकार नेट जोड़ 2,21,713 है। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 1,82, 98,714 हैं जिसमें 97,30,169 पुरूष व 84,60,820 महिलाएं, 239 ट्रांसजेंडर वोटर और सर्विस वोटर की संख्या 107486 है। निर्वाचन अधिकारी ने फरीदाबाद, मेवात, पलवल, जींद, सिरसा, यमुनानगर और पंचकूला जिलों में महिला वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

दिव्यांग वोटरों के लिए होंगे स्पेशल इंतजामात 
भारत निर्वाचन आयोग के सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संदीप सक्सेना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र पर मतदान हेतु विशेष प्रबंध करें ताकि मतदान के दिन उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो । उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी इस तरह की सुविधाएं देने का प्रयास किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विधानसभा में खर्च के ब्योरे पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही, कुल बूथों का 10 प्रतिशत से ज्यादा बूथों की वेब कॉस्टिंग की जाए। मतदान की संख्या बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों के बारे जानकारी और अपने-अपने जिले में मैनेजमेंट प्लान तैयार करें। इसके अलावा, उन्होंने पड़ोसी राज्यों के साथ लगते जिलों में नाका लगाने के भी निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की समस्या न हो और ऐसे राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए।

चुनाव को लेकर पुलिस सतर्क, 258 नाके चालू, 38 हथियार जब्त, 40862 आर्म लाइसेंस करवाए जमा 
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और विधानसभा चुनाव के लिए राज्य नोडल अधिकारी नवदीप सिंह विर्क ने विधानसभा चुनावों के लिए एक प्रस्तुति दी जिसमे उन्होंने बताया कि प्रदेश में 258 नाका चालु किये गए हैं। उन्होंने बताया कि 38 हथियार जब्त किये गए हैं, 40862 लाइसेंस आर्म जमा किये गए हैं, 156 व्यक्तिओ को गिरफ्तार किया गया और 120 व्यक्तियों को बाउंड किया गया है। उन्होंने बताया कि बॉर्डर मीटिंग का शेडयूल बनाया गया है और जल्द ये मीटिंग होंगी। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्यों के साथ लगते इलाकों में 268 नाका लागये जाएंगे।


Post a Comment

0 Comments