हरियाणा महाभारत-2019 : इनेलो नेता रामपाल माजरा व कांग्रेस नेता दूड़ा राम ने थामा भाजपा का दामन
21 सितंबर 2019, 3:00 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव का बिगुल आज बज चुका है लेकिन नेताओं के दल-बदल का खेल अभी भी जारी है। आज इनेलो नेता रामपाल माजरा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दूड़ा राम ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस दौरान सीएम मनोहर लाल खट्टर व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस अवसर पर रामपाल माजरा ने कहा कि इनेलो के संघर्ष के दिनों में मैं उनके साथ रहा। 40 साल इनेलो से जुड़ा रहा। आज भी चौधरी ओमप्रकाश चौटाला और अभय चौटाला का सम्मान करता हूं। इनेलो ने किसानों की लड़ाई से शुरूआत की थी आज पीएम मोदी ने किसानों को 6-6 हजार रुपए खातों में देकर उनकी सहायता की है। 11 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचा है। उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन बांटे हैं, पारदर्शी तरीके से मनोहर लाल ने नौकरियां दी है। इस वजह से उन्होंने भाजपा ज्वाइन की है। माजरा ने कहा कि विपक्ष बिखरा हुआ है। निश्चित रुप से भाजपा की सरकार बनेगी और सीएम मनोहर लाल खट्टर दोोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। पार्टी द्वारा टिकट दिए जाने पर उन्होंने कहा कि बतौर कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुआ हूं यदि पार्टी चुनाव लड़ने का मौका देगी तो चुनाव भी लड़ूंगा। वहीं इस अवसर पर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा हर हाल में 75 पार के लक्ष्य को पूरा करेगी। सबसे बड़ी चुनौती किस पार्टी से है, इस के सवाल पर सीएम ने कहा कि विपक्ष बिखरा हुआ है लेकिन अगर सांपला-किलोई की बात करें तो स्वभाविक है कि मुकाबला भूपेंद्र सिंह हुड्डा से है।


0 Comments