यमुनानगर : सख्त कानून का नहीं कोई असर , एक माह में सामने आया तीन तलाक का दूसरा मामला 


21 सितंबर 2019, 2:52 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। सतीश कुमार
यमुनानगर। सख्त कानून बनाए जाने के बावजूद भी तीन तलाक के मामले थम नहीं रहे हैं। एक माह के भीतर यमुनानगर में अब तीन तलाक का दूसरा मामला प्रकाश में आया है। यूपी के गांव दूधगढ़ निवासी आशमा ने बूड़िया पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि साढ़े तीन साल पहले उसका निकाह बूड़िया निवासी इंतजार से हुआ था। मायके वालों ने दहेज में बाइक, गहने व जरूरत का सारा सामान दिया था। दहेज से उसका पति व ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। आरोपी दहेज में दिए सामान को घटिया बताते थे और दो लाख रुपए नकद व कार की मांग करते थे। इसमें वे असमर्थ थे। जनवरी में उसके पति ने दूसरा निकाह कर उसे घर में कैद कर दिया। आरोपियों ने उसका फोन भी छीन लिया और उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। उसे कई दिन तक भूखा-प्यासा रखा गया। 10 सितंबर को उसके पिता उससे मिलने घर पहुंचे। तब उसने अपने पिता को आपबीती सुनाई। आरोपी के भाई युसुफ व अहसान ने उसके पति को कहा कि जब हमने तेरी दूसरी शादी कर दी है तो अब तुम इसको रखकर क्या करोगे। इसे अभी तलाक दे दो। जिसके बाद उसके पति इंतजार ने उसके पिता के सामने ही तलाक-तलाक-तलाक कह दिया। महिला का कहना है कि वह गर्भवती है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति इंतजार, देवर युसुफ, ससुर युनुस, सास वसीला, ननद बुशरा, सजदा व अहसान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।