हरियाणा महाभारत 2019 : शराब, पैसा बांटने वाले उम्मीदवारों पर इस बार कड़ी निगरानी की तैयारी


हरियाणा महाभारत 2019 : शराब, पैसा बांटने वाले उम्मीदवारों पर इस बार कड़ी निगरानी की तैयारी 



हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज । 13 सितंबर 2019, 11:45 AM
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने कमर कस ली है। वोटरों को शराब, पैसा व अन्य वस्तुएं बांटने वाले उम्मीदवारों व उनके कार्यकर्ताओं पर निगरानी व  धरपकड़ के लिए इस बार विभाग ने विशेष इंतजामात किए हैं। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने इस बाबत पुलिस, आबकारी एवं कराधान विभाग और अन्य संबंधित विभागों को चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा है कि शराब और नगदी तथा प्रलोभन के लिए उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री पर भी विशेष तौँर पर नजर रखी जाए। बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि विधानसभा चुनावों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। पुलिस द्वारा पहले ही पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं पर नाकाबंदी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस बार पुलिस द्वारा कुछ नाकों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की मूवमेंट पर पैनी नजर रखी जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों की प्रति (कॉपी) मतदान केंद्रों के स्टाफ, राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों और एजेंटों को वितरित की जानी चाहिए ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़ें। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप-निर्वाचन आयुक्त संदीप सक्सेना ने बताया कि 27 अगस्त 2019 को प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूचियों की कॉपी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों और एजेंटों को पहले ही दी जा चुकी हैं और 27 अगस्त 2019 के बाद मतदाता सूची में दर्ज होने वाले नए मतदाताओं की स्पलिमेंट्री कॉपी अलग से दी जाएगी। उन्होनें निर्देश दिए कि मतदान केंद्र का स्टाफ यह सुनिश्चित करे कि वृद्ध मतदाताओं को मतदान के दिन लाइन में न लगना पड़ और उन्हें लाइन में लगे बिना ही मतदान करने का अवसर दिया जाए। इसके अलावा, दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध करवाए जाने बारे निर्देश दिए गए हैं। 

Post a Comment

0 Comments