हिसार : राज्य स्तरीय पैरालंपिक प्रतियोगिता शुरु, 350 दिव्यांग खिलाड़ी ले रहे हिस्सा 

उपायुक्त ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौंसला 

21 सितंबर 2019, 9:41 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार स्थित महाबीर स्टेडियम में आज से राज्य स्तरीय पैरालंपिक स्पोर्ट्स फॉर फिजिकल चैलेंज्ड प्रतियोगिता का आगाज हो गया। इस प्रतियोगिता में सभी जिलों के 350 से अधिक खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं। राज्य स्तरीय पैरालंपिक स्पोर्ट्स फॉर फिजिकल चैलेंज्ड प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। इस अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी मामले में किसी से कमतर नहीं हंै, वे भी समाज का अभिन्न अंग हैं। हमारे अनेक दिव्यांग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के बल पर अंतर्रार्ष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा आज महाबीर स्टेडियम में ार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने की। उपायुक्त ने ध्वजारोहण करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनसे निरंतर खेल भावना के साथ खेलने और आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण व सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उपायुक्त ने पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व नकद राशि देकर सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने सभी अतिथिगण का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी दी। पटेल नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। खेल विभाग के पंचकुला से आए उपनिदेशक गंगादत्त यादव, सतबीर सिवाच व सतपाल ढांडा के अलावा विभाग के कोच, डीपी व पीटीआई भी मौजूद रहे।