दुखद: यमुना में हवन की राख तैराने आए 7 बहे, एक को बचाया, तीन शव निकाले, बाकी की तलाश जारी
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज। 15 सितंबर 2019, 10:29 PM
पानीपत। उत्तर प्रदेश सीमा से सटे जिला पानीपत के एक गांव मलकपुर से आज बड़ी ही दुखद खबर आई है। यहां हवन की राख तैराने आए 7 लोग यमुना में बह गए जिनमें से एक को बचा लिया गया व तीन के शव निकाल लिए गए हैं। अन्य तीन लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। इस दुखद घटना के बाद से गांव में चित्कार मच गया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पीएसी फ्लड की टीम एवं गोताखोरों को लगा दिया है। गांव मलकपुर में शनिवार रात में हुए माता के जागरण के बाद रविवार सुबह लगभग सवा 11 बजे ट्रैक्टर ट्राली में सवार हो हवन की राख प्रवाह करने गांव मलकपुर के रोबिन, विशाल, शुभम, महेश कुमार, भारत, अनुज और अजय नामक युवक आए थे। यमुना में नहाते समय सातों गहरे कुंड में डूबने लगे। शोर मचाने पर पास के खेत में काम कर रहे किसान उवैश व जहीर ने मौके से अजय नामक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। डीएम अखिलेश सिंह, एडीएम अरविंद कुमार, एडिशनल एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार रणवीर सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, पुलिस प्रशासन ने मौके पर पीएसी फ्लड की टीम एवं गोताखोरों को यमुना में डूबे युवकों की तलाश के लिए लगा दिया। दोपहर 3 बजे तीन युवकों अनुज, विशाल, भारत के शव बरामद कर लिए गए। बाकी तीन रोबिन, शुभम व महेश की तलाश के लिए रेस्क्यू आॅपरेशन रात होने के बावजूद जारी था।


0 Comments