वित्तमंत्री का दो टूक, पढ़े-लिखे युवा अब नहीं करेंगे इनेलो-जजपा जैसे दलों के नेताओं के परिवारों की गुलामी


वित्तमंत्री का दो टूक, पढ़े-लिखे युवा अब नहीं करेंगे इनेलो-जजपा जैसे दलों के नेताओं के परिवारों की गुलामी 

हिसार में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस, इनेलो, जेजेपी व बसपा के संबंध में कही यह बड़ी बात 

जेजेपी+बसपा गठबंधन को बताया बेमेल समझौता 

07 सितंबर 2019, 4:37 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आज कांग्रेस, इनेलो व बसपा पर जमकर निशाना साधा। वे आज दोपहर यहां हिसार स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जननायक जनता पार्टी व बसपा का गठबंधन टूटने के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि 27 दिन का यह गठबंधन एक बेमेल समझौता था जो अंतत: आपसी कड़वाहट के साथ टूट गया। उन्होंने कहा कि ये दोनों ही दल हमेशा एक-दूसरे से लड़कर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाते आए हैं, अब केवल राजनीतिक लाभ के लिए ये आपस में मिलने का ढोंग कर रहे थे। जनता भी इस बात को समझती है कि लोगों की भलाई इन दलों का एजेंडा कभी रहा ही नहीं। उन्होंने दो टूक कहा कि इनेलो-जजपा जैसे दलों के नेता आज के युग में भी यह बात कैसे सोच सकते हैं कि अब भी पढ़े-लिखे युवा इनके परिवारों की गुलामी करते रहेंगे। दरअसल इस प्रकार के दलों के पास जनता के लिए कोई एजेंडा नहीं है बल्कि ये अपनी राजनीति चमकाने के लिए लोगों का इस्तेमाल करते हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि जनता ने पांच साल पहले सत्ता बदलने और हमने पांच साल में व्यवस्था बदलने का काम किया है। पूर्ववर्ती सरकारें भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद से ग्रस्त थी और सत्ता लूट का माध्यम बन गई थी। पांच साल में हमने व्यवस्था को पटरी पर लाने और विकास के नए आयाम स्थापित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि 5 साल पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि हरियाणा में परिवारवाद समाप्त हो सकता है अथवा युवाओं को बिना सिफारिश केवल मेरिट आधार पर नौकरियां मिल सकती हैं अथवा सभी हलकों का समान विकास करवाया जा सकता है। जब हमने सामाजिक पेंशन को एक हजार से दो हजार करने का वादा किया तो विपक्ष के लोगों ने हमारा मजाक उड़ाया था लेकिन हमने इसे करके दिखाया। इस अवसर पर नगर निगम मेयर गौतम सरदाना, जिला प्रभारी डॉ. ओपी पहल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, भाजपा जिला महामंत्री आशा रानी खेदड़, युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, प्रो. मंदीप मलिक, सुरेश गोयल धूपवाला व सत्यपाल श्योराण सहित भाजपा के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भाजपा को पुन: सेवा का अवसर देगी हरियाणा की जनता 
वित्तमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जल्द ही घोषणा होने वाली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली दिवाली पर जनता-जनार्दन वर्ष 1987 का भी रिकॉर्ड तोड़ते हुए सर्वाधिक मतों व सीटों के साथ भाजपा को पुन: सेवा करने का मौका देगी। भाजपा को मिल रहे जनता के समर्थन से विपक्ष बौखलाया हुआ है। विपक्षी नेताओं के पांवों के नीचे से जमीन निकल चुकी है और उनमें जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं है। बौखलाहट में ये नेता आपस में ही लड़ रहे हैं और इनके परिवार बिखर चुके हैं।

एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय पटल पर चमकेगा हिसार का नाम 
कैप्टन अभिमन्यु ने हिसार एयरपोर्ट से नियमित उड़ान शुरू होने पर जिलावासियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के पहले एयरपोर्ट के कारण हिसार का नाम अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर चमकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी काम के शुरू में कुछ दिक्कतें आती हैं लेकिन धीरे-धीरे इस हवाई अड्डे से अंतर्राज्यीय और फिर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी। नियमित उड़ानें शुरू करवाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि जीएसटी के संबंध में आने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए गठित अपीलेट ट्रिब्यूनल की पीठ को हिसार में स्थापित किया जाएगा। एयरपोर्ट और इस पीठ की स्थापना से हिसार में तेज गति से आर्थिक व औद्योगिक उन्नति होगी

कल इतिहास रचेगी पीएम मोदी की रोहतक रैली 
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जनता का आशीर्वाद लेने के लिए पूरे प्रदेश के सभी हलकों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं जो अपने अंतिम पड़ाव में है। कल 8 सितंबर को रैली का समापन रोहतक में होगा जहां भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी जो उपस्थिति के मामले में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी। यह रैली जनता के आशीर्वाद के साथ-साथ संगठन की पराकाष्ठा का भी उदाहरण बनेगी। लाखों लोगों के साथ-साथ संगठन के कई लाख कार्यकर्ता भी इस रैली में शिरकत करेंगे।






Post a Comment

0 Comments