हिसार : वित्तमंत्री का कांग्रेस पर निशाना, बोले कांग्रेस के पास न नीति न नीयत और न ही योग्य नेतृत्व
जेजेपी+बसपा गठबंधन को बताया बेमेल समझौता
भाजपा कार्यालय में पत्रकारों संग की वर्तमान राजनीति व हिसार-हरियाणा के विकास पर चर्चा
07 सितंबर 2019, 4:41 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आज कांग्रेस, इनेलो व बसपा पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बदलकर यह स्वीकार कर लिया है कि उनके पास योग्य नेतृत्व नहीं है। कांग्रेस के पास न नीति है, न नीयत और न ही योग्य नेतृत्व है बल्कि इस पार्टी में केवल व्यक्तिवाद का बोलबाला है। वे आज दोपहर यहां भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश व प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात के अलावा जिला हिसार व हरियाणा के विकास कार्यों पर पत्रकारों से चर्चा की और विभिन्न मुद्दों पर उनके सवालों के जवाब दिए। वित्तमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के सिर पर उनकी ही पार्टी के दबंग नेताओं ने लाठियां बरसवाते हुए उन पर जानलेवा हमला किया। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष ने हमला करने वाले नेताओं के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई। ऐसी गुंडागर्दी वाली मानसिकता के लोग जनता के साथ क्या न्याय करेंगे, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। अब उस प्रदेश अध्यक्ष को बदलकर ऐसे लोगों को ताकतवर किया जा रहा है जिन्होंने अपने परिवार की भलाई के अलावा कभी किसी ओर के बारे में सोचा तक नहीं।उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हुड्डा ने अपने 10 साल के कार्यकाल में हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष बनाई गई कुमारी शैलजा को हाशिये पर धकेलने का प्रयास किया, जोकि सर्वविदित है। भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस पार्टी व इसकी संस्कृति को पूरी तरह से खत्म करने का काम किया और अपने अलावा किसी और को पार्टी में उभरने नहीं दिया। इसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस का जहाज डूब चुका है। इसके सवारों ने ही इस जहाज में छेद करके इसे डुबोने का काम किया है। इस अवसर पर नगर निगम मेयर गौतम सरदाना, जिला प्रभारी डॉ. ओपी पहल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, भाजपा जिला महामंत्री आशा रानी खेदड़, युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, प्रो. मंदीप मलिक, सुरेश गोयल धूपवाला व सत्यपाल श्योराण सहित भाजपा के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भाजपा को पुन: सेवा का अवसर देगी हरियाणा की जनता
वित्तमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जल्द ही घोषणा होने वाली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली दिवाली पर जनता-जनार्दन वर्ष 1987 का भी रिकॉर्ड तोड़ते हुए सर्वाधिक मतों व सीटों के साथ भाजपा को पुन: सेवा करने का मौका देगी। भाजपा को मिल रहे जनता के समर्थन से विपक्ष बौखलाया हुआ है। विपक्षी नेताओं के पांवों के नीचे से जमीन निकल चुकी है और उनमें जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं है। बौखलाहट में ये नेता आपस में ही लड़ रहे हैं और इनके परिवार बिखर चुके हैं।
एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय पटल पर चमकेगा हिसार का नाम
कैप्टन अभिमन्यु ने हिसार एयरपोर्ट से नियमित उड़ान शुरू होने पर जिलावासियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के पहले एयरपोर्ट के कारण हिसार का नाम अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर चमकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी काम के शुरू में कुछ दिक्कतें आती हैं लेकिन धीरे-धीरे इस हवाई अड्डे से अंतर्राज्यीय और फिर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी। नियमित उड़ानें शुरू करवाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि जीएसटी के संबंध में आने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए गठित अपीलेट ट्रिब्यूनल की पीठ को हिसार में स्थापित किया जाएगा। एयरपोर्ट और इस पीठ की स्थापना से हिसार में तेज गति से आर्थिक व औद्योगिक उन्नति होगी
कल इतिहास रचेगी पीएम मोदी की रोहतक रैली
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जनता का आशीर्वाद लेने के लिए पूरे प्रदेश के सभी हलकों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं जो अपने अंतिम पड़ाव में है। कल 8 सितंबर को रैली का समापन रोहतक में होगा जहां भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी जो उपस्थिति के मामले में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी। यह रैली जनता के आशीर्वाद के साथ-साथ संगठन की पराकाष्ठा का भी उदाहरण बनेगी। लाखों लोगों के साथ-साथ संगठन के कई लाख कार्यकर्ता भी इस रैली में शिरकत करेंगे।


0 Comments