रेवाड़ी : एक दिन पहले पत्नी का गला काटने वाले शख्स की आज इस हालत में मिली लाश


रेवाड़ी : एक दिन पहले पत्नी का गला काटने वाले शख्स की आज इस हालत में मिली लाश 

12 सितंबर 2019, 8:10 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
रेवाड़ी। एक दिन पहले गला काटकर पत्नी की हत्या करने वाले शख्स की आज सड़क पर कुचली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। हालांकि प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। घटना रेवाड़ी के मनेठी गांव की है। बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व बुधवार सुबह इस शख्स ने गांव मनेठी में अनबन की वजह से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी थी और आज महेंद्रगढ़ जिले के कनीना बस स्टैंड के पास उसका शव कुचला हुआ मिला। कुछ स्थानीय लोग भी ट्रक के आगे छलांग लगाने की बात कह रहे हैं। बता दें कि मनेठी में पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति प्रदीप बुधवार सुबह से ही लापता था। पुलिस ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी अपने सोतेले बेटे को महतावास निवासी दुकान मालिक के पास छोड़ गया था। उसने मालिक से कहा था कि उसे इलाज के लिए जाना है जिसके बाद वह उससे पैसे लेकर वहां से चला गया था। हत्या की बात पता चलने के बाद मालिक उसके घर पहुंचा तो उसने पूरा घटनाक्रम बताया। इसके पश्चात पुलिस ने उसको मोबाइल टॉवर की लोकेशन से तलाशने का प्रयास किया तो उसके टावर की लोकेशन भी कुंड के आसपास ही मिली जिससे पुलिस को लगा था कि वह घटना को अंजाम देने के बाद कही छिपा हुआ है। बाद में उसका मोबाइल घर में छिपा मिल गया तब पुलिस को लगा की वह कहीं फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश ही कर रही थी कि वीरवार सुबह उसके एक्सीडेंट की सूचना आ गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के बारे में कनीना पुलिस से सूचना जुटाई गई है, जिसके बाद पता चला है कि आरोपी ने सुबह करीब 7 बजे कनीना बस स्टैंड के निकट एक ट्रक के आगे छलांग लगा दी, जिससे उसकी कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई।


Post a Comment

0 Comments