बड़ी राहत : आज से अगले तीन दिन तक चालान नहीं काटेगी पुलिस, सिर्फ नए ट्रेफिक नियम बताएगी


बड़ी राहत : आज से अगले तीन दिन तक चालान नहीं काटेगी पुलिस, सिर्फ नए ट्रेफिक नियम बताएगी  





13 सितंबर 2019, 11:14 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। एक सितंबर से लागू हुए संशोधित मोटर वाहन अधिनियम के तहत जहां रोजाना धड़ाधड़ लाखों के चालान कट रहे हैं वहीं आज वीरवार को राजधानी चंडीगढ़ की सड़कों पर एक अजीब नजारा देखने को मिला। पुलिस कर्मियों ने ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को फूल देकर नए मानदंडों और नियामों की जानकारी दी।  उन्होनें यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का पुलिस का सहयोग करने के लिए धन्यवाद भी किया।अभियान के तहत, दोपहिया वाहन चालकों और कार मालिकों को फूल भेंट कर उन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने का आग्रह किया गया। साथ ही, यातायात नियमों का पालन करने वाले अन्य मोटर चालकों को भी प्रोत्साहित किया गया। राहत की बात यह है कि आज से अगले तीन तक पुलिस ने प्रदेश में चालान में छूट प्रदान की है। यानि अगले तीन दिन तक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी चालान नहीं काटेंगे बल्कि वे वाहन चालकों को नए नियमों के प्रति त्जागरूक करेंगे। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के निर्देश पर ट्रेफिक पुलिस विभाग ने यातायात नियमों को लेकर जागरूकता और शिक्षा अभियान की शुरूआत कर दी है। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि 13 से 15 सितंबर तक चलने वाले अभियान के तहत सभी एसएचओ, डीएसपी, एसपी, पुलिस आयुक्त और रेंज एडीजीपी और आइजी को नए कानून व बढ़े हुए दंड के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया है। अभियान के दौरान ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को दंडित करने के बजाय आम जनता को यातायात नियमों के प्रति शिक्षित, जागरूक और प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा। जागरूकता अभियान में कॉलेज के छात्रों और मौजिज लोगों की मदद ली जाएगी।

Post a Comment

0 Comments