सिरसा : दोस्त के साथ शादी का कार्ड देने जा रहा था मामा के घर, ट्रक ने कुचला, दोनों की मौत
एनएच-9 पर गांव पंजुआना के पास की घटना
13 सितंबर 2019, 11:19 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। नेशनल हाइवे नंबर-9 पर गांव पंजुआना के पास शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में एक बाइक की टक्कर ट्रक से हो गई, जिस वजह से दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथ जा रही 1 युवक की मां घायल है। उसकी हालत भी गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार अलीपुर गांव का रहने वाला बूटा सिंह पुत्र मिट्ठू राम शुक्रवार को अपनी मां मुक्तियारो व दोस्त गुरप्रीत उर्फ मक्खन सिंह के साथ अपने मामा के घर शादी का कार्ड देने जा रहा था। बूटा सिंह की 29 सितंबर को शादी होनी थी, मामा पंजाब के सेमा गांव में रहते हैं। तीनों बाइक पर सवार होकर अलसुबह 5 बजे घर से निकले थे। बाइक को बूटा सिंह का दोस्त गुरप्रीत चला रहा था। नेशनल हाइवे 9 पर पंजवाना गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बूटा सिंह और गुरप्रीत की मौके पर मौत हो गई, जबकि मुक्तियारो घायल हो गई। बढ़ागुढ़ा थाना पुलिस ने बूटा सिंह के चाचा हरनाम की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


0 Comments