साक्षात्कार : रतिया विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता रत्तन लाल बड़गुजर से हरियाणा मीडिया जंक्शन की खास बातचीत


साक्षात्कार। रतिया विधानसभा से वरिष्ठ भाजपा नेता व टिकट के प्रबल दावेदार रत्तन लाल बड़गुजर से हरियाणा मीडिया जंक्शन की खास बातचीत 

भाजपा का समर्पित सिपाही हूं, टिकट ना भी मिली तो भी पार्टी के लिए करता रहूंगा काम : रत्तन लाल 

 विधानसभा चुनाव की रणभेरी बस बजने ही वाली है। इन दिनों सभी पार्टियों में टिकट के लिए उथल-पुथल मची है।  सभी राजनीतिक दलों में हर विधानसभा सीट पर कई-कई उम्मीदवार टिकट के दावेदार हैं। जजपा ने जहां अब तक 7 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है वहीं भाजपा व कांग्रेस में उम्मीदवारों को लेकर महामंथन चल रहा है। रतिया विधानसभा में भी भाजपा की सीट पर अनेक दावेदार हैं लेकिन रतनलाल बड़गुजर की दावेदारी  इन सबमें सबसे मजबूत व प्रबल है। रत्तन लाल बड़गुजर की दावेदारी इसलिए भी अहम हो जाती है क्योंकि वे पिछले कई सालों से रतिया की जनता के साथ सुख-दु:ख बांटते आ रहे हैं तथा अब तक रतिया हल्के में कई बार जनसंपर्क अभियान चला चुके हैं। आज रतिया का बच्चा-बच्चा  रत्तन लाल बड़गुजर के नाम से वाकिफ है। हरियाणा मीडिया जंक्शन ने उनसे जनसंपर्क अभियान व चुनाव की तैयारियों से लेकर तमाम राजनीतिक हलचल पर बात की। उन्होंने भी बड़ी ही बेबाकी से अपनी राय रखी। पेश हैं रतिया से वरिष्ठ भाजपा नेता रत्तन लाल बड़गुजर से की गई बातचीत के मुख्य अंश :- 

संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन 
19 सितंबर 2019, 1:30 PM


सवाल : आप भाजपा नेता हैं, मनोहर सरकार के 5 साल के काम को किस नजरिए से देखते हैं 
जवाब : मनोहर सरकार ने 5 साल में पिछली सरकारों से हटकर कार्य किए। पूरे प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास कार्य करवाए गए हैं चाहे वहां किसी भी पार्टी का विधायक रहा हो जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। यही नहीं मनोहर सरकार ने जात-पात से उपर उठकर सभी घोषणाओं को बगैर भेदभाव लागू किया। रही सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता की बात जो दिल को छू गई। पहली बार ऐसा हुआ है जब हरियाणा में बिना खर्ची व बिना पर्ची नौकरी दी गई है।

सवाल : क्या आप अपने आप को टिकट के लिए मजबूत दावेदार मानते हैं, पार्टी आपको ही टिकट क्यों दे जबकि रतिया में तो कई नेता टिकट की दौड़ में है। 
जवाब : भाजपा आज दुनियाभर की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। चुनाव में अनेक कार्यकर्ता दावेदार होते हैं, सभी को हक भी है। पिछले 30-32 साल में मैंने गांव से लेकर शहर तक अनेक सामाजिक संस्थाओं के साथ जुड़कर काम किया है। और यदि पार्टी मुझे मौका देती है तो मैं चुनाव लड़ूंगा और पहले से भी तेज रफ्तार से जनसेवा करुंगा।

सवाल : आपने हल्के में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया है। तो क्या रिस्पोंस मिला आपको, कैसा जनसमर्थन मिल रहा है। 
जवाब : मैं अब तक रतिया हल्के में तीन बार जनसंपर्क अभियान के तीन चरण पूरे कर चुका हूं। कई गांवों में तो 6-7 बार जा चुका हूं और हल्कावासियों को सरकार की नीतियों व योजनाओं के बारे में बता रहा हूं। लोगों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। लोग मनोहर सरकार के कामकाज से इतने ज्यादा प्रभावित हैं कि सर-आंखों पर बैठा रहे हैं। दरअसल रतिया हल्के लोग बड़े ही उदार व नेकदिल हैं, ऐसा मैंने इनके बीच में रहते हुए महसूस किया है।

सवाल  : वर्तमान विधायक के बारे में आपकी क्या टिप्पणी है, क्या उनके कार्य से संतुष्ट हैं ?
जवाब : वर्तमान विधायक से जितना बन पाया उन्होंने किया है। अब उन्हें भी भाजपा की नीतियां पसंद आई हैं और उन्होंने पार्टी में आस्था जताते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है।

सवाल :  यदि टिकट मिला तो चुनाव घोषणा पत्र में किन-किन बिंदूओं को शामिल करेंगे, रतिया के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट क्या रहेगा आपका ?
जवाब : नर सेवा ही नारायण सेवा मेरा पहला ध्येय है। रतिया विधानसभा को पूर्णतया नशामुक्त करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। घग्गर में बहने वाले दूषित पानी पर रोक लगाई जाएगी। नौजवानों को रोजगार मिले, सभी ढ़ाणियों में सड़क व बिजली पहुंचे। शहर में सीवरेज सिस्टम दुरुस्त हो। इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला थाना, अस्पताल, स्क्ूल व कॉलेजों का आधुनिकीकरण हो। गरीबों व किसानों को उनका हक मिले।

सवाल : और यदि आपको टिकट ना मिल तो क्या आप फिर भी चुनाव लड़ेंगे?
जवाब : बिल्कुल नहीं। मैं भाजपा का समर्पित सिपाही हूं। यदि पार्टी मुझे टिकट देती है तो ही चुनाव लड़ूंगा वरना इसी तरह जी-जान से पार्टी के लिए काम करता रहूंगा।

सवाल : सुनने में आ रहा है कि कांग्रेस रतिया सीट पर डॉ. अशोक तंवर को उतारने जा रही है, यदि ऐसा हुआ तो क्या आप उनका मुकाबला कर पाएंगे? 
जवाब : अभी लोकसभा चुनाव में जनता डॉ. अशोक तंवर को धूल चटा चुकी है। वे 42 हजार से भी ज्यादा मतों से चुनाव हार चुके हैं। अब रतिया में ऐसा क्या नया करिश्मा कर पाएंगे वो। रतिया में उनकी इससे भी ज्यादा वोटों के अंतर से हार होगी क्योंकि कांग्रेस को जनता अब नकार चुकी है।

सवाल : विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए क्या संदेश देना चाहेंगे?
जवाब : हल्के के लोगों से सिर्फ यही अपील करना चाहूंगा कि पिछली बार की भांति इस बार भी अपना कीमती वोट भाजपा उम्मीदवारों को देकर माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथ मजबूत करें। रतिया के लोगों से यही अपील कि इलाके की खुशहाली के लिए भाजपा को वोट दें ताकि रतिया के लिए तरक्की के द्वार खुल सकें।

Post a Comment

0 Comments