गर्दन काटने की धमकी वाले वीडियो ने पकड़ा तूल, सीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गुहार
जननायक जनता पार्टी ने बताया ब्राह्मण समाज का अपमान, की निंदा
11 सितंबर 2019, 11:25 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेता हर्षमोहन भारद्वाज को गर्दन काटने की धमकी देने वाला वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। भगवान परशुराम जन कल्याण संस्थान के मुख्य संयोजक ज्योति प्रकाश कौशिक ने हिसार पुलिस अधिक्षक को शिकायत पत्र भेजकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किए जाने की गुहार लगाई है। दी गई शिकायत में पूरी घटना का विवरण दिया गया है साथ ही इससे संबंधित वीडियो भी संलग्न की गई है जिसमें सीएम हर्षमोहन भारद्वाज को कुछ बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। चुनाव नजदीक होने के कारण इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। जननाायक जनता पार्टी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे ब्राह्मण समाज का अपमान बताया है। जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री कई अवसरों पर अपने अहंकार का परिचय दे चुके हैं। वहीं जेजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद भारद्वाज ने सीएम से ब्राह्मणों का अपमान किए जाने पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। अरविंद भारद्वाज ने कहा कि जिस फरसे को उठाकर सीएम मनोहर लाल गर्दन काटने की धमकी दे रहे थे, शायद उन्हें पता नहीं कि वो फरसा भगवान परशुराम का प्रतीक है और उसे अन्याय व अत्याचार को समाप्त करने के लिए उठाया जाता है, ना कि किसी पर अपना गुस्सा और अहंकार जाहिर करने के लिए। अरविंद भारद्वाज ने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने ना सिर्फ भाजपा नेता को धमकी दी है बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान किया है। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण समाज के लोग सम्मान के रूप में फरसा और मुकुट भेंट करते है। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के दौरान जब उनकी पार्टी के नेता हर्षमोहन भारद्वाज ने सीएम को फरसा और मुकुट भेंट कर रहे थे तभी मुख्यमंत्री सबके सामने गले काटने की धमकी दी और उनका गला काटने के लिए भगवान श्री परशुराम के प्रतीक माने जाने वाले पवित्र फरसे का लहराया जो कि सरेआम ब्राह्मण समाज का अपमान है।उन्होंने कहा कि इससे सीएम की यह मानसिकता पता चलती है कि वे ब्राह्मण समाज को कमजोर समझते है और उन्हें गला काटने की धमकी तक दे देते हंै।अरविंद भारद्वाज ने कहा कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब सीएम मनोहर लाल ने अपनी इस तरह की मानसिकता को दशार्या हो। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पहले प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रसिद्ध शहीद मंगल पांडेय का भी अपमान किया था। अहंकार से भरे अंदाज में सीएम ने कहा था कि मंगल पांडेय 1857 की क्रांति के विफल होने के लिए जिम्मेदार थे।


0 Comments