मनोहर ज्योति से रोशन होंगी बिजली रहित ढाणियां
विधायक व चेयरमैन डॉ. कमल गुप्ता ने जिला में शुरु किया लाइटिंग सिस्टम वितरण
11 सितंबर 2019, 11:13 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। विधायक एवं हरियाणा ब्यूरो आॅफ पब्लिक इंटरप्राइजेज के चेयरमैन डॉ. कमल गुप्ता ने आज नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा विभाग कार्यालय में मनोहर ज्योति योजना के अन्तर्गत पात्र व्यक्तियों को सोलर होम लाइटिंग सिस्टम प्रदान कर जिला में इस योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत जिला की उन सभी ढाणियों को सोलर होम लाइटिंग सिस्टम कम दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे जहां बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है। डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि जिला में लगभग 3200 ऐसी ढाणियां हैं जिनमें अभी तक बिजली नहीं पहुंची हैं। इन ढाणियों को रोशन करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मनोहर ज्योति योजना शुरू की है। इस योजना के तहत मिलने वाले होम लाइटिंग सिस्टम की कुल कीमत 22500 रुपये है। इस पर राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रुपये अनुदान दिया जा रहा है। अनुदान उपरांत यह प्रणाली लगवाने पर केवल 7500 रुपये का खर्च आता है।उन्होंने कहा कि ढाणियों में बिजली उपलब्ध करवाने की मुख्यमंत्री मनोहर लाल की वचनबद्धता की पालना में हिसार जिला में इस वर्ष 2315 मनोहर ज्योति अनुदान दर पर बिजली विभाग की सूची अनुसार बिजली रहित ढाणियों में रहने वाले परिवारों, अनुसूचित जाति के परिवारों, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा जारी राशन कार्ड अनुसार गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए मकानों के लाभार्थियों, झुग्गी-झोपडियों वाली बस्तियों में बिना बिजली वाले घरों, महिला मुखिया वाले परिवारों, ग्रामीण क्षेत्र में स्कूली छात्राओं वाले परिवारों आदि श्रेणियों के परिवारों को अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों ने सरल पोर्टल पर आॅनलाईन आवेदन किया है, केवल उन्हीं परिवारों को मनोहर ज्योति लाइटिंग सिस्टम उपलब्ध करवाए जाएंगे। एक परिवार को केवल एक मनोहर ज्योति अनुदान पर दी जाएगी।आज के कार्यक्रम में खरड़ अलीपुर के गोपीराम पुत्र रामपत, मनोज पुत्र बलवान सिहं, भगाना निवासी महावीर पुत्र तेलू राम, ढाणी प्रेमनगर निवासी रणधीर पुत्र रामधारी, ढाणी बरवाला निवासी सुरेश पुत्र माता चंद व किराड़ा निवासी सुरेन्द्र पुत्र ईश्वर सिहं आदि को मनोहर ज्योति लाइटिंग सिस्टम प्रदान किए गए। इस अवसर पर इस विभाग के परियोजना अधिकारी इन्द्राज सिंह, मीना कुमारी, चेयरमैन महावीर जांगड़ा, नरेद्र मदान सहित डीआरडीए कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी व मनोहर ज्योति प्राप्त करने वाले लाभार्थी उपस्थत थे।


0 Comments