चुनाव घोषणा का स्वागत कर बोले कुलदीप, अब आ गया किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय
21 सितंबर 2019, 2:23 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार/आदमपुर। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने चुनाव आयोग द्वारा आज घोषित चुनाव घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य से किसान विरोधी, कर्मचारी विरोधी, व्यापारी विरोधी, मजदूर विरोधी सरकार को उखाड़ फैंकने का समय आ गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आह्वान किया कि अपने, पराए और अच्छे-बुरे की पहचान कर अपने वोट का इस्तेमाल करें। आपका भविष्य कौन संवार सकता है, ये देखकर ही अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में अपना प्रतिनिधि चुनें।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आगामी 21 अक्तूबर को प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मतदान करके कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। वे आज हलके के गांव कालीरावणा, जगान, खासा तथा मंडी आदमपुर में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि प्रदेश सरकार अनाप-शनाप प्रचार पर सरकारी खजाने को लुटवा रही है, जबकि गांवों में लोगों को पर्याप्त पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है। नहरें, रजबाहें, डिग्गियां या तो सूखी पड़ी हैं या फिर पानी की मात्रा इतनी कम है कि न तो टेलों तक पानी पहुंच पा रहा है और न ही लोगों को पेयजल ही उपलब्ध हो रहा है। आदमपुर हलके की ढाणियो में बिजली कटों की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। 24 घंटों में से मात्र 8 घंटे ही ग्रामीणों को बिजली दी जा रही है, उसमें भी वोल्टेज बहुत कम आती है। अधिकारी सरकार के इशारे पर आदमपुर हलके के साथ भेदभाव कर रहे हैं, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले सवा महीने में उन्होंने हलके के प्रत्येक गांव का दौरा करके जनसमस्याएं करीब से सुनी हैं और लोगों की बिजली, पानी, सीवरेज जैसी मूलभूत जरूरतें भी पूरी नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि विकास के खोखले दावे करने वाली भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता उखाड़ फैंकने के लिए कमर कस चुकी है। जिस किसान को भाजपा ने प्रताड़ित किया और बर्बाद की कगार पर धकेल दिया, वह किसान वोट की चोट से भाजपा को सबक सिखाएगी। जिस व्यापारी का व्यापार नोटबंदी व जीएसटी जैसे बेतुके फैसलों से ठप कर दिया, वह व्यापारी कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके का निवासी उनके लिए वोटर नहीं, बल्कि पारिवारिक सदस्य है और अपने परिवार के सदस्य की हर दुख तकलीफ उनकी अपनी है।

0 Comments