हिसार में बोले मनोहर, हमारे किसी मंत्री व विधायक पर बेईमानी का दाग नहीं 
कहा, हमने की प्रदेश से भ्रष्टाचार व बिचौलियों को साफ करने की ईमानदार पहल 
जिला में पहुचंने पर जन आशीर्वाद यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री ने लोगों पर गुलाब के फूलों की वर्षा करके मांगा आशीर्वाद




 3 सितंबर 2019, 7:14 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में हरियाणा से भ्रष्टद्दाचार व बिचौलियों को साफ करने की ईमानदार पहल की है। इस सरकार के किसी मंत्री या विधायक पर बेईमानी का कोई दाग नहीं है और प्रदेश के युवाओं को निष्पक्ष तरीके से मेरिट आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह बात जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हिसार जिला के गांव नलवा में अपार भीड़ को संबोधित करते हुए कही। जिला में पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों व नलवा हलके के लोगों ने भव्य स्वागत किया। अपार भीड़ ने बार-बार जयघोष करते हुए मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों पर गुलाब के फूलों की बारिश कर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बनाने का आशीर्वाद जनता से मांगा जिसका हजारों की भीड़ ने हाथ उठाकर व जयघोष के साथ समर्थन किया। जन आशीर्वाद यात्रा नलवा हलके के गांव डाया, मंगाली, कालवास, चौधरीवास, गोरछी व सरसाना होते हुए आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव बालसमंद में पहुंची। यहां से यात्रा ने आदमपुर के गांव डोभी, आर्यनगर (नलवा) व चंदननगर होते हुए हिसार विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया। सभी स्थानों पर आशीर्वाद यात्रा का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सीएम ने कहा कि हमने 18 अगस्त से पूरे प्रदेश की जनता का आशीर्वाद लेने के लिए यह यात्रा कालका विधानसभा क्षेत्र से शुरू की थी और अब तक यह यात्रा एक-तिहाई प्रदेश को कवर कर चुकी है। हिसार के बाद यह यात्रा जींद, फतेहाबाद व सिरसा पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि हर रोज यात्रा के रास्ते में आने वाले गांवों व शहरों में अपार भीड़ उमड़ रही है और प्रतिदिन लगभग 200 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जन आशीर्वाद यात्रा के साथ खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, सांसद बृजेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स, सांसद नायब सिंह सैनी, हिसार विधायक डॉ. कमल गुप्ता, मेयर गौतम सरदाना, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, जिला महामंत्री सुजीत कैमरी व आशा रानी खेदड़, प्रो. मंदीप मलिक, पूर्व सीपीएस विनोद भ्याणा, रणबीर गंगवा, प्रो. छत्तरपाल सिंह, डॉ. ओमप्रकाश पहल, सोनाली फोगाट, लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर, सीमा गैबीपुर, जोगीराम सिहाग, रतन सैनी, कृष्ण बिश्रोई, रणधीर सिंह धीरू, अनिल गोदारा, प्रवीन बंसल, सुरेश गोयल धूपवाला, कृष्ण सरसाना, सतीश सुरलिया व सुरजीत कालीरावण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

सिस्टम में घुसे बिचौलियों व दलालों को भी बाहर फैंका 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमने सत्ता संभाली तो प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। हमने संकल्प लिया कि पहली चोट भ्रष्टाचार पर ही करनी है। इसके लिए हमने अपने सभी नेताओं को प्रतीज्ञा भी करवाई और अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि अब भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगा। पहले अधिकारी यह कहकर भ्रष्टाचार में लिप्त रहते थे कि ऊपर देना पड़ता है लेकिन हमने इस व्यवस्था को बदला और अधिकारियों को ईमानदारी से काम करने को कहा। इसी प्रकार सिस्टम के बीच में घुसे बैठे बिचौलियों व दलालों को भी हमने व्यवस्था से बाहर किया। इसका प्रभाव भी देखने को मिला है।

अब टीम के रूप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी मिलेगी बराबर राशि 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के 10 लाख किसानों को बैंकों के ऋणों के मानसिक दबाव से उबारने के लिए लगभग 5000 करोड़ रुपए की राहत प्रदान करने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य व प्रदेश सरकार के हिस्से की भरपाई सरकार करेगी। इसी प्रकार खिलाड़ियों के लिए 30 करोड़ रुपए के इनाम देने का निर्णय लिया गया है पहले व्यक्तिगत खेल में पदक जीतने पर दी जाने वाली इनाम की राशि अब एक टीम के रूप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी बराबर दी जाएगी इसी प्रकार 1 वर्ष में दो बड़े टूनार्मेंट में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी दोनों पद को की इनाम राशि पूरी प्रदान की जाएगी जो पहले दूसरे पदक की आधी राशि दी जाती थी।

हरियाणा से अब चले गए परिवारवाद की राजनीति के दिन 
जन आशीर्वाद यात्रा के साथ चल रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि अब प्रदेश से परिवारवाद की राजनीति के दिन चले गए। पहले मुख्यमंत्री और मंत्री अपने परिवार के स्वार्थ से आगे बढकर कुछ सोच ही नहीं पाते थे लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरे प्रदेश की ढाई करोड़ जनता को अपना परिवार समझा और सबका साथ-सबका विकास की नीति को अपनाते हुए पूरे प्रदेश का भला किया। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश में जनता का आशीर्वाद लेने के लिए यह यात्रा कर रहे हैं।