हिसार : नशीली दवाओं के सेवन के खिलाफ जिले में शुरु हुआ जागरूकता अभियान
सीजेएम बोले, नशे की लत्त छोड़ राष्ट निर्माण में निभाएं भूमिका
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज। 07 सितंबर 2019, 5:56 PM
हिसार। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आज जिले में नशीली दवाओं के सेवन के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरूआत सीजेएम एवं सचिव सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गांव चिड़ौद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से की। इस दौरान नशाखोरी विषय पर स्कूली विद्यार्थियों के मध्य पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसके विजेताओं को सीजेएम सुरेंद्र कुमार ने पुरस्कृत किया। सीजेएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि यह अभियान 13 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत चौधरीवास व सरसाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों तथा निरीक्षण गृह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है लेकिन नशीली दवाओं के दुरुपयोग व नशाखोरी के कारण आज की युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। नशाखोरी में फंसकर युवा अंदर से खोखला होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनोचिकित्सक की सलाह, दृढ़ संकल्प व इच्छाशक्ति से नशे की लत से पीछा छुड़वाया जा सकता है। प्रत्येक युवा का यह कर्तव्य है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। वह ऐसा तभी कर सकता है जब वह नशाखोरी की लत से दूर रहे और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता अभियान हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण पंचकूला के निदेर्शानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायधीश अरुण कुमार सिंगल के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इस अवसर पर मनोचिकित्सक डॉ. शालू बूरा, एनएसएस अधिकारी नरेंद्र दुहन, कार्यकारी प्राचार्या वीना व अन्य अध्यापकगण भी मौजूद थे।

0 Comments