हरियाणा : क्या बेरोजगारी पर बहस की योगेंद्र यादव की चुनौती स्वीकार करेंगे सीएम मनोहर लाल खट्टर?

योगेंद्र यादव द्वारा 29 अगस्त को लिखे पत्र का अब तक नहीं आया कोई जवाब
9 सितंबर को करनाल में बेरोजगारी पर बहस के साथ होगा स्वराज इंडिया की जनसरोकार यात्रा का समापन 


 
07 सितंबर 2019, 5:41 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। एक नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर हरियाणा में चुनाव लड़ रही स्वराज इंडिया ने 9 सितंबर को सीएम सिटी करनाल में सेक्टर 12 सेक्रेटेरियट गेट के सामने "बेरोजगारी पर बहस" का आयोजन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने 29 अगस्त को पत्र लिखकरमनोहर लाल खट्टर को बेरोजगारी के सवाल पर खुली बहस के लिए आमंत्रित किया है। बड़ा सवाल ये है कि रोजगार के मोर्चे पर लगातार अपनी पीठ थपथपा रहे मुख्यमंत्री खट्टर क्या योगेंद्र यादव की चुनौती को स्वीकार करेंगे? पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने सवाल किया कि 9 सितंबर को करनाल में "बेरोजगारी पर बहस" से इस सवाल का जवाब भी मिल जाएगा कि क्या सरकार के दावे सच्चे हैं या रोजगार के नाम पर सारा प्रचार खोखला और भ्रामक है। राजीव गोदारा ने बताया कि स्वराज इंडिया की जनसरोकार यात्रा का समापन मुख्यमंत्री जी के शहर करनाल में इसलिए रखा गया है कि ताकि उन्हें सहूलियत हो। हमने उनसे यह भी निवेदन किया है कि अगर किसी कारणवश या व्यस्तता के कारण श्री खट्टर स्वयं बेरोजगारी पर उठ रहे सवालों के जवाब देने के लिए न आ सकें तो अपने किसी प्रतिनिधि को जरूर भेज दें। बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे राष्ट्रव्यापी मुहिम युवा-हल्लाबोल का नेतृत्व कर रहे पार्टी उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने कहा कि एक तरफ जहाँ हरियाणा लगातर बेरोजगारी के सारे कीर्तिमान ध्वस्त करता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ खट्टर सरकार रोजगार के नाम पर ही अपनी पीठ थपथपा रही है। यह प्रदेश के युवाओं का घोर अपमान है कि जो हरियाणा आज बेरोजगारी में देश में नंबर 1 बन गया है, उसी राज्य के मुख्यमंत्री कहते हैं कि सरकार नहीं बेरोजगार युवा ही निक्कमे हैं।  अनुपम ने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री खट्टर प्रदेश के 16 लाख बेरोजगार युवाओं को निक्कमा मानते हैं? क्या वो सरकार निक्कमी नहीं है जिसके कार्यकाल में हरियाणा की बेरोजगारी दर भयावह रूप से बढ़कर 28.7% हो गयी है? क्या वो मुख्यमंत्री निक्कमे नहीं हैं जिन्होंने बेरोजगारी में प्रदेश को देश का नंबर 1 राज्य बना दिया है? स्वराज इंडिया की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य परमजीत सिंह ने कहा है कि 9 सितंबर को करनाल में होने वाली "बेरोजगारी पर बहस" के माध्यम से प्रदेश की जनता के समक्ष कई सवालों के जवाब आ जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर स्वराज इंडिया की इस सकारात्मक पहल में भागीदारी लेंगे और जनआशीर्वाद के सच्चे हकदार बनने का एक अंतिम प्रयत्न करेंगे।

सीएम को भेजे पत्र में यह लिखा है योगेंद्र यादव ने 
29 अगस्त को मनोहर लाल खट्टर को हरियाणा में बेरोजगारी की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट देते हुए योगेंद्र यादव ने अपने पत्र में लिखा, "हो सकता है आप मेरी बात से सहमत ना हों। हो सकता है आप यहां दिए किसी आंकड़े का प्रमाण देखना चाहते हों। हो सकता है सरकार का कुछ पक्ष मैं ना समझ पाया हूँ। इसलिए क्यों नहीं इस सवाल पर एक सार्वजनिक संवाद हो जाए। आप क्योंकि 8 तारीख तक अपनी यात्रा में व्यस्त हैं इसलिए मैं सोमवार 9 सितंबर को आपको आपके अपने ही चुनाव क्षेत्र करनाल में आमंत्रित कर रहा हूँ। आप अपनी जगह अपने किसी प्रतिनिधि को भेजना चाहे तो उसका भी स्वागत होगा। अगर आपको कोई और तारीख, समय या स्थान सुविधाजनक लगे तो मैं वहाँ पहुंच जाऊंगा। आशा है आप अपने प्रदेश के एक नागरिक का यह अनुरोध ठुकराएंगे नहीं, और अपने आप को जनता के आशीर्वाद का पात्र साबित करने का यह मौका नहीं छोड़ेंगे।"