थल सेना में पहली बार महिला सिपाहियों की भर्ती, अंबाला में शुरु हुई भर्ती रैली, जल्दी कीजिए कहीं निकल न जाए मौका
07 सितंबर 2019, 01:35 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
अंबाला। भारतीय थल सेना में पहली बार महिला सिपाही (जनरल ड्यूटी) की भर्ती होने जा रही है। भर्ती रैली आज से अंबाला छावनी के खड़गा स्टेडियम में शुरु हो चुकी है। इस भर्ती रैली में जम्मू- उत्तर भारत के तमाम राज्यों से भी महिलाएं भर्ती में हिस्सा ले सकती हैं। इस भर्ती रैली के बाद अन्य राज्यों के लिए भी सेना महिला सिपाही की भर्ती के लिए आयोजन करेगी। यह पहला मौका होगा, जब भारतीय सेना में अधिकारी पद से नीचे के पद की भर्ती की जा रही है। भर्ती प्रकिया 7 से 11 सितंबर तक चलेगी। इसमें हरियाणा, हिमाचल, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ से पंजीकृत महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। पंजीकृत उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ई-मेल पर पहले ही भर्ती से संबंधित सूचना भेजी जा चुकी है। एडमिट कार्ड वेबसाइट पर 22 अगस्त को अपलोड किया जा चुका है। शार्ट लिस्ट उम्मीदवार एडमिट कार्ड में दिए गए तारीख और समय के अनुसार खडगा खेल परिसर अंबाला कैंट में रिपोर्ट करेंगे। इसके बाद सेना इसी तरह की रैली लखनऊ, शिलांग, जबलपुर और बंगलुरू जोन में आयोजित करेगी। सेना द्वारा छावनी के खड्गा खेल परिसर में होने वाली रैली में आने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए ट्रांसपोर्ट सुविधा भी देगी। इसके लिए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर सेना ने काउंटर लगाया है। यहां से उम्मीदवार भर्ती रैली से संबंधित जानकारी हासिल कर सकता है। बस स्टैंड अंबाला छावनी से विशेष बसें चलाई जाएंगी जो भर्ती स्थल तक उम्मीदवारों को पहुंचाएंगी।


0 Comments