मनोहर ज्योति : बिजली रहित ढाणियों में सोलर घरेलू लाइटिंग सिस्टम उपलब्ध करवाने पर जोर लगाएगा प्रशासन


बिजली रहित ढाणियों में सोलर घरेलू लाइटिंग सिस्टम उपलब्ध करवाने पर जोर लगाएगा प्रशासन 
पात्र परिवारों को 15 हजार रुपये अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं लाइटिंग सिस्टम


18 सितंबर 2019, 12:25  AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। अतिरिक्त उपायुक्त एवं नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा के मुख्य परियोजना अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि सोलर घरेलू लाइटिंग सिस्टम मनोहर ज्योति के वितरण में बिजली रहित ढाणियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस सिस्टम पर सरकार द्वारा भारी-भरकम अनुदान दिया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि नवीन व नवीकरणीय उर्जा विभाग (हरेडा) द्वारा बिजली रहित घरों व ढाणियों में रहने वाले परिवारों को बिजली उपलब्ध करवाने हेतु सोलर घरेलू लाइटिंग सिस्टम (मनोहर ज्योति) अनुदान दर पर 7 हजार 500 रुपये के लाभार्थ अंश पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा जारी बिजली रहित ढाणियों की सूची अनुसार उनमें रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना में बिजली विभाग की सूची अनुसार बिजली रहित ढाणियों में रहने वाले परिवार, अनुसूचित जाति से संबंधित परिवार व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा जारी राशन कार्ड अनुसार गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंर्तगत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में बनाए गए मकानों के लाभार्थियों, जिनमें झुग्गी-झोपडवाली बिजली से वंचित बस्तियों, महिला मुखिया वाले परिवार, ग्रामीण क्षेत्र में स्कूली छात्रा वाले परिवार आदि श्रेणियों के परिवार इस योजना के अंतर्गत मनोहर ज्योति प्राप्त करने के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जारी निदेर्शानुसार 100 प्रतिशत बिजली रहित ढाणियों को प्राथमिकता के आधार पर ये सिस्टम 15 हजार रुपये के अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अत: बिजली रहित ढाणियों की सूची वाले परिवार सरल पोर्टल पर आॅनलाइन आवेदन करके यह उपकरण लघु सचिवालय स्थित हरेडा के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। इस सूची के सभी परिवारों को ये सिस्टम वितरित करने उपरांत अन्य श्रेणी के लाभार्थियों को ये सिस्टम इसी अनुदान दर पर वितरित किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments