चरखी दादरी : अब चुनावी दंगल में उतरने की तैयारी में ‘दंगल गर्ल’ बबीता फौगाट
सब इंस्पेक्टर की नौकरी से एक माह पहले भेजा गया इस्तीफा मंजूर
भाजपा की टिकट पर लड़ेंगी चुनाव, विधनसभा सीट अभी फाईनल नहीं
13 सितंबर 2019, 12:06 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
भिवानी/चरखी दादरी । दंगल गर्ल के नाम से जानी जाने वाली अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फौगाट ने सब इंस्पेक्टर की नौकरी से इस्तीफा देकर अब भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अब पूरी उम्मीद है कि बबीता इस बार चुनावी दंगल में नजर आएंगी लेकिन वे किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, यह अभी फाईनल नहीं है। बबीता ने कहा है कि पार्टी जहां से चाहेगी मैं वहीं से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं। मुझे पूरा भरोसा है इस पारी में भी मैं कामयाब रहूंगी। किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर बबीता ने कहा कि चाहे बाढड़ा हो चाहे दादरी वह तो हाई कमान के आदेश के अनुसार ही काम करेंगी। बता दें कि बबीता फौगाट ने गत 13 अगस्त को ही इस्तीफा भेज दिया था, जिसे पुलिस उच्चाधिकारियों ने अब स्वीकार किया है। बबीता फौगाट ने नौकरी छोड़ने का कारण सक्रिय राजनीति में आना बताया है। देश और दुनिया में दंगल गर्ल के रूप में पहचान बना चुकीं पहलवान बबीता फौगाट अब राजनीतिक पारी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान भिवानी और दादरी जिलों में वह उनके साथ रहीं थीं।


0 Comments