करनाल : वर्ल्ड रेलवे वालीवाल में बेलारूस को हराकर गोल्ड झटकने वाले इन गाबरूओं पर पूरे हरियाणा को नाज 

बुलगारिया में आयोजित वर्ल्ड रेलवे वालीवाल में गोल्ड जीतकर लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत




निसिंग। गांव गुनियाना के गुरू ब्रह्मानंद आश्रम में खिलाड़ियों को सम्मानित करते कमेटी प्रधान व अन्य ग्रामीण
3 सितंबर 2019, 12:54 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। रिंकु गोंदर 
करनाल/निसिंग। बुलगारिया में आयोजित सात दिवसीय वर्ल्ड रेलवे वालीवाल प्रतियोगिता में सोना जीतकर लौटे गुनियाना के अमन व उपलाना के रोहित को ग्रामीणों ने सर आंखों पर बैठा लिया। अमन व रोहित ने टीम ईवेंट में बेलारूस को हराकर गोल्ड हासिल कर न केवल हिन्दुस्तान बल्कि अपने गांव व हरियाणा का भी नाम रोशन किया है। उनके स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा। विजेता खिलाड़ियों को गांव के बाईक सवार युवा आतिशबाजी करते हुए डीजे के साथ धूमधाम से करनाल से गुनियाना ले गए। जहां गुरू ब्रह्मानंद आश्रम में कमेटी प्रधान रामकुमार गुनियाना सहित अन्य सदस्यों ने गुरू की प्रतिमा व शाल भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं खिलाडियों का ग्रामीणों ने फूल व नोटों की मालाएं पहनाकर मुंह मीठा करवाया। विजेता खिलाड़ियों के आगमन की खुशी में लड्डू बांटे गए। ग्रामीणों ने देश के लिए सोना जीतने वाले होनहार खिलाड़ी पर गर्व महसूस किया जिन्होंने विदेशी जमीन पर जीत हासिल कर देश व गांव का नाम चमकाया है। इससे पूर्व खिलाडी का मंजूरा गांव में संजय मैहला ने राजबीर मंजूरा, रणधीर व फूल सिंह मंजूरा ने सम्मानित किया। बजीदा में बाबा धर्मदेव मंदिर में माथा टेकने जाने पर ओपी बजीदा ने स्वागत किया जबकि बस्तली में सरपंच प्रदीप कुमार व राजू ने खिलाड़ियों को सम्मनित कर उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ी अमन गुनियाना कोई ओर नही बल्कि भारतीय रेलवे वालीवाल टीम के कोच नरेश गुनियाना के भतीजे है जिनके नेतृत्व में वर्ष 2015 में भारतीय रेलवे टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। खिलाड़ी के सोना जीतकर घर वापिस पहुंचने पर परिजन फूले नहीं समा रहे। पिछले 3 दिन से घर पर बधाई व आशीर्वाद देने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा है। माता सलमा देवी  व पिता बलविंद्र ने अपने होनहार बेटे पर गर्व महसूस किया। परिजन कर्ण सिंह व मा. सतपाल सहित अन्य ग्रामीण युवक की उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे।