कालांवाली : संत समागम में नशे से छुटकारे पर मंथन


कालांवाली : संत समागम में नशे से छुटकारे पर मंथन






 
 17 नवंबर 2019, 2:28 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन

कालांवाली/ओढां। संत कबीर आश्रम ख्योवाली में आठवां विशाल संत समागम संत कबीर वृद्ध आश्रम वेलफेयर ट्रस्ट ऐलनाबाद के संचालक स्वामी जित्वानंद के सानिध्य में आयोजित किया गया। संत समागम का शुभारंभ स्वामी जित्वानंद ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, मार्केटिंग कोआॅपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन हनुमान गोदारा और ओढां थाना प्रभारी कृष्ण लाल सहित उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान हरियाणा, दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से संत महापुरुषों ने भाग लिया। समागम की शुरूआत अमीर सैन ने गुरू वंदना 'गुरूदेव दया करके मुझको अपना लेना’ के साथ की। तदोपरांत मूनक से पधारे संत धुनीदास ने 'लगी है लगन, नगर तर जाउगी चरण संता दे पैंदे, ये दिल है इबादत सतगुरू की’ आदि भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राजगढ़ राजस्थान से संत रतनदास, मसीतां वाली हैड से संत परमानंद, भादरा से स्वामी श्यामानंद, ऐलनाबाद से संत मुनीशानंद, पानीपत से माता सावित्री बाई, स्वामी सूयार्नंद और हरिद्वार से आए स्वामी प्रकाशानंद ने प्रवचन फरमाते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन से अच्छे संतों का सानिध्य मिलता रहे तो समाज में समाज को नशे से बचाया जा सकता है क्योंकि आज का युवा नश के कारण पतन के गर्त में जा रहा है। यदि सत्संग होता रहे और अच्छे संतों का संग मिलता रहे तो यह परिवर्तन और परिवर्तक का स्थल बन जाता है जिसमें मनुष्य के विचारों में परिवर्तन, आहार में परिवर्तन और जीवन जीने की कला में परिवर्तन संभव है। इस अवसर पर मार्केटिंग कोआॅपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन हनुमान गोदारा ने कहा कि गांव में प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस संत समागम में देश के कोने कोने से पधारे संत महात्माओं ने अपने प्रवचन के द्वारा लोगों को धार्मिक कार्यों के प्रति जागरूक किया है। उन्होंने कहा कि संतों के अनुसार आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसान भगवान से विमुख होता जा रहा है जबकि उसका संसार में आने का उद्देश्य प्रभु भक्ति कर मोक्ष की प्राप्ति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन होने से गांव के नौजवान नशे से दूर रहते हैं। महिलाओं में भी कन्या भ्रुण हत्या व पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

Post a Comment

0 Comments