गृह मंत्री अनिल विज ने कसा तंज, महाराष्ट्र में सरकार के मोह में निर्वस्त्र हो गई हैं कुछ पार्टियां
17 नवंबर 2019, 12:35 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
अम्बाला। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने महाराष्ट्र में शिव सेना, कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार के मोह में कुछ पार्टियां निर्वस्त्र हो गई हैं। कांग्रेस और शिव सेना ने हमेशा एक दूसरे के खिलाफ राजनीति की है। हमेशा एक-दूसरे की विचारधारा का विरोध किया है। राम मंदिर के बारे में शिव सेना कहती थी कि मंदिर हम बनाएंगे। वहीं राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया तो सोनिया गांधी ने कहा कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट से फैसला आया हो। विचारधारा में इतनी भिन्नता होने के बावजूद, सत्ता के लालच में एक दूसरे के करीब आ रहे हैं। अपनी-अपनी विचारधारा का त्याग कर दिया है। विज ने कहा कि ये चार दिन की चांदनी है। अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से देश को गुमराह कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट से चेतावनी दिए जाने के बाद भी उन्हें समझ नहीं आ रहा। राहुल गांधी झूठ बोलने की फैक्ट्री है। अपनी फैक्ट्री में झूठ बनाकर लोगों के सामने रखते हैं। आज तक एक भी तथ्य कोर्ट में नहीं रख पाए। सरकार ने राफेल के मुदे को हर मंच पर साफ कर दिया लेकिन राहुल गांधी उलझा कर रखना चाहते हैं।


0 Comments