
अपना रवैया अब बदल लें भ्रष्ट बिजली अफसर वरना उन्हें बदल दिया जाएगा
बिजली मंत्री बनने के बाद पहली बार सिरसा पहुंचे रणजीत सिंह चौटाला का अधिकारियोें को दो टूक
17 नवंबर 2019, 6:14 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारी अब या तो अपनी कार्यशैली बदल लें अन्यथा उन्हें बदल दिया जाएगा। यह चेतावनी दी है हरियाणा के बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला ने। वे आज यहां सिरसा स्थित चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के सामने दशहरा ग्राउंड में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को बिजली संबंधित कोई भी परेशानी न हो, यह उनकी प्राथमिकता रहेगी। बिजली की तारों को लेकर किसी तरह का कोई हादसा न हो इसके लिए एक सप्ताह के भीतर बिजली के लटके तार और घरों के उपर से गुजरने वाली तारें बदली जाएगी। इस दौरान कार्यकतार्ओं द्वारा चौ. रणजीत सिंह का भव्य स्वागत किया गया। इससे पूर्व चौ. रणजीत सिंह के काफिले का सिरसा जिला में पहुंचने पर कार्यकतार्ओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल व फतेहाबाद के विधायक दूड़ा राम व रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा भी साथ थे। इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, पूर्व चेयरमैन रेणू शर्मा, आदित्य देवीलाल, राजेंद्र सिंह देसूजोधा, मुनीष सिंगला, मक्खन लाल सिंगला, प्रदीप रातुसरिया व चौ. रणजीत सिंह के पुत्र गगनदीप, पौत्र सूर्य प्रकाश व गायत्री ने भी अपने विचार रखे तथा उपस्थित जनों का धन्यवाद किया। अभिनंदन समारोह में चौ. रणजीत सिंह की धर्मपत्नि श्रीमति इंदिरा, पूर्व चेयरमैन शेर सिंह, बनवारी गांधी, कुलदीप भांभू, मुकेश मेहता, बलवान जांगड़ा, श्याम लाल मेहता, देवेंद्र सोनी, सुखचैन भंडारी सहित अन्य गणमान्य लोग व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिरसा को नशमुक्त बनाने को उठाएंगे सख्त कदम
बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह ने कहा कि सिरसा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि नशे की बिक्री पर पूर्णत: अंकुश के लिए पुलिस विभाग सजगता से कार्य करें और नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में ढिलाई न बरतें। किसी भी क्षेत्र में नशा बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिरसा को नशे से मुक्त करने में मैं अपनी पूरी ताकत लगा दूंगा। उन्होंने उपस्थित जन समूह से कहा कि ढाणियों में रहने वालों के लिए बिजली की समस्या को खत्म करने के लिए अक्षय ऊर्जा सिस्टम सब्सिडी पर उपलब्ध करवाया जाएगा जिससे वे पंखे व लाईटें जला सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी अब अपनी मनमानी नहीं कर पाएगा उसे सीमित समय सीमा में जनता की समस्याओं को सुलझाना होगा।
सीएम के भरोसे पर खरा उतरूंगा, ईमानदारी से निभाएंगे हर जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जो भरोसा उन पर जताया है वे उस पर खरा उतरेंगे और जो जिम्मेवारी मुझे सौंपी गई है उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। प्रदेश के लोगों को बिजली संबंधी कोई समस्या न हो और वे चैन से सोएं इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले तीन माह के अंदर-अंदर प्रदेश में बिजली संबंधी सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मैं खाने या कमाने नहीं आया, मैं तो सिर्फ सुधारने आया हूं। उन्होंने कहा कि मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले और हर समय सहयोग करने वाले कार्यकतार्ओं की मेहनत को मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।
सिरसा में अब दौगुनी तेजी से होगा विकास : सुनीता दुग्गल
इस अवसर पर सांसद सुनीता दुग्गल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने आपके बीच में एक ईमानदारी व्यक्ति को भेजा है। पिछले एक दशक से सिरसा के रुके हुए विकास के कार्य अब पूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि आपने लोकसभा चुनाव में मुझे चुनकर दिल्ली पर अपना कब्जा किया है उसी प्रकार चौ. रणजीत सिंह का चुनाव कर पूरे प्रदेश पर अपना कब्जा कर लिया है, अब सिरसा जिला दौगुनी तेजी से विकास करेगा।
मंत्री बनने के बाद पहली बार सिरसा पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
सिरसा। हरियाणा के बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री चौ. रणजीत सिंह का मंत्री बनने के बाद पहली बार सिरसा पहुंचने पर कार्यकतार्ओं ने जोरदार स्वागत किया। दिल्ली पुल पर कैबिनेट मंत्री के पुत्र गगनदीप व पौत्र सूर्य प्रकाश ने माला पहना कर स्वागत किया। सिरसा जिला के रानियां विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने के बाद हरियाणा सरकार ने बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री पद ग्रहण करने के बाद रविवार को चौ. रणजीत सिंह अपने गृह जिला पहुंचे। जिला प्रवेश करने पर कार्यकतार्ओं का हुजूम उनके स्वागत को उमड़ पड़ा। कार्यकतार्ओं ने अपने नेता का ढोल नगाड़ों, फूल मालाओं व पुष्प वर्षा से जोरदार स्वागत किया। इससे पूर्व श्री रणजीत सिंह का फतेहाबाद जिला में विधायक दूड़ाराम व हजारों कार्यकतार्ओं ने जोरदार स्वागत किया। सिरसा के दिल्ली पुल से लेकर चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के सामने दशहरा ग्राउंड में आयोजित अभिनंदन समारोह तक कैबिनेट मंत्री का काफिला ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचा।
चौ. रणजीत सिंह के पौते सूर्य प्रकाश व पौती गायत्री ने किया स्वागत
अपने दादा चौ. रणजीत सिंह के बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री बनने के उपरांत पहली बार सिरसा पहुंचने पर आयोजित अभिनंदन समारोह में सूर्य प्रकाश ने मंच के माध्यम से उनका स्वागत किया। सूर्य प्रकाश व गायत्री ने भावुक होते हुए अभिनंदन समारोह में उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में मेरे दादा चौ. रणजीत सिंह का साथ देने के लिए दिल से धन्यवाद और अब मेरे दादा के मंत्री बनने का यह सम्मान आप सबका सम्मान है। आपके इस सहयोग और साथ देने के लिए मैं और मेरा परिवार आपके हमेशा आभारी रहेंगे और मैं आपको अपने दादा की तरफ से विश्वास दिलाता हूं कि मेरे दादा जी आपकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और विकास कार्यों में कोई कसर नहीं रहेगी।


0 Comments